मऊ की घोसी सीट से सपा ने घोषित किया प्रत्याशी

Youth India Times
By -
0
कौन हैं सुधाकर सिंह, दारा सिंह चौहान से सीधा मुकाबला संभव
मऊ। मऊ की घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने रविवार को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। सुधाकर सिंह को सपा ने यहां से टिकट दिया है। दारा सिंह चौहान के इस्तीफे के कारण यह सीट खाली हुई है। दारा सिंह चौहान ने यहां से इस्तीफा देकर सपा से भाजपा में दोबारा शामिल हो गए हैं। माना जा रहा है कि भाजपा की तरफ से दारा सिंह चौहान को ही मैदान में उतारा जाएगा। ऐसे में सुधाकर सिंह का सीधा मुकाबला दारा सिंह चौहान से होगा। घोसी में पांच सिंतबर को मतदान और आठ सिंतबर को मतगणना के साथ रिजल्ट घोषित होगा। समाजवादी पार्टी की तरफ से घोसी सीट पर प्रत्याशी घोषित किए गए सुधाकर सिंह घोसी से पहले भी विधायक रह चुके हैं। एमए एलएलबी कर चुके सुधाकर सिंह की गिनती सपा के वरिष्ठ नेताओं में होती है। सुधाकर सिंह इससे पहले 1996 में नत्थूपुर विधानसभा सीट से विधायक बने थे। 2012 में परिसमन के बाद नत्थूपुर सीट घोसी के नाम से जानी जाने लगी। इस चुनाव में भी सुधाकर सिंह को जीत मिली और विधानसभा पहुंचे। 2017 एक बार फिर सपा ने सुधाकर सिंह को टिकट दिया लेकिन वह भाजपा के फागू चौहान से चुनाव हार गए। फागू चौहान के बिहार का राज्यपाल मनोनित होने पर 2020 में भी उपचुनाव हुआ। भाजपा ने विजय राजभर को उतारा और सपा से सुधाकर सिंह को ही टिकट मिला। हालांकि तकनीकी खामियों के कारण सुधाकर को सपा का सिंबल एलाट नहीं हुआ और वह सपा समर्थित निर्दल प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे और हार का सामना करना पड़ा। 2022 में सपा ने सुधाकर सिंह को घोसी की जगह मधुबन से प्रत्याशी बनाया लेकिन बाद में टिकट काटकर उमेश चंद पाण्डेय को उतार दिया था। इसके बाद सुधाकर सिंह ने बगावती सुर अख्तियार कर लिया था। हालांकि उन्होंने पार्टी नहीं छोड़ी और सपा में ही बने रहे। ऐसे में सपा ने भी उन पर एक बार फिर भरोसा जताया और दोबारा मैदान में उतारा है।
घोसी उपचुनाव सपा और भाजपा दोनों के लिए प्रतिष्ठा का चुनाव है। सपा के सामने अपनी सीट बरकरार रखने की चुनौती है। सपा को यह साबित करना है कि दारा सिंह दौरान और सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर का साथ छोड़ने के बाद भी वोटरों में उसका प्रभाव अभी बरकरार है। वहीं भाजपा के लिए यह चुनाव लिटमस पेपर टेस्ट से कम नहीं है। दारा सिंह चौहान को वापस लेने और तमाम अंतरविरोधों के बाद भी ओपी राजभर से हाथ मिलाने के बाद यह पहला चुनाव हो रहा है। दारा सिंह चौहान और ओपी राजभर को भी खुद को साबित करना है। ओपी राजभर का दावा है कि पिछली बार सपा की जीत उनके वोटरों के झुकाव के कारण हुई थी। ऐसे में दारा सिंह चौहान को न सिर्फ यह सीट जीतानी होगी बल्कि भारी अंतर से जीताना होगा। ओपी राजभर और दारा सिंह चौहान दोनों के लिए यह चुनाव एक तरह से अग्निपरीक्षा होगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)