आजमगढ़: प्रबोधिनी एकादशी पर घर-आंगन में रही तुलसी विवाह की धूम

Youth India Times
By -
0

देर शाम दिखने लगा दीपावली जैसा नजारा
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। प्रबोधिनी एकादशी के अवसर पर शुक्रवार को हिंदू धर्मावलंबी परिवारों में तुलसी विवाह कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न कराया गया। इस मौके पर उन परिवारों में लक्ष्मी व गणेश का पूजन हुआ। जिनके यहां किन्हीं कारणोंवश दीपावली पर्व पर पूजन संपन्न नहीं हो सका था। शुक्रवार को दिन में आस्थावान बाजारों में निकलकर गन्ना, कंद, सिंघाड़ा व अन्य फलों की खरीदारी कर अपने घर और आंगन में लगे तुलसी स्थल की साफ-सफाई के बाद शाम को तुलसी विवाह का कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न कराए। इस मौके पर श्री हरि विष्णु एवं शालिग्राम देव की भी पूजा अर्चना की गई। देवी-देवताओं को गन्ना सिंघाड़ा और कंद को अर्पित कर श्रद्धालुओं ने परिवार के मंगल जीवन की कामना की। प्रबोधिनी एकादशी के लिए पुराणों में जो वर्णित है उस हिसाब से चार महीने (चतुर्मास) के शयन से श्री हरि विष्णु इस दिन जागते हैं। इस दिन को देव उठवनी एकादशी भी कहा जाता है। इसी के साथ मांगलिक कार्यक्रमों की श्रृंखला भी शुरू हो जाती है। साथ ही कार्तिक मास में पंच तीर्थ स्नान इसी दिन शुरू होकर कार्तिक पूर्णिमा तक जारी रहता है। एकादशी तिथि को जिले के पौराणिक स्थलों जैसे दुर्वासा धाम, अवंतिका पुरी, भैरव धाम पर लगने वाले मेले का बटोर शुरू हो गया। इन मेला स्थानों पर मनोरंजन के साधनों के साथ ही तमाम तरह की दुकानें सजने लगी हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)