आज़मगढ़ : सपा को वोट देना पड़ा महंगा

Youth India Times
By -
0


जनपद में दो जगहों पर जाति विशेष के लोगों पर मारपीट और महिलाओं के साथ अभद्रता का लगाया आरोप
स्वतंत्र होकर वोट करना सबका अधिकार, दबंगों के खिलाफ हो कार्रवाई-दुर्गा प्रसाद यादव
आज़मगढ़। जनपद में दो स्थानों पर सपा को वोट देने पर जाति विशेष के लोगों द्वारा बस्ती पर हमला बोलकर मारपीट करने और महिलाओं के साथ अभद्रता करने का आरोप पीड़ितों द्वारा लगाया गया है। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। सपा विधायक दुर्गा प्रसाद यादव द्वारा दोनों स्थानों पर पहुंचकर पीड़ितों का हाल-चाल लिया गया।
पहली घटना जहानागंज थाना क्षेत्र के किशुनपुर में घटी। ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि गांव के दबंग लोग दोपहर में राजभर बस्ती में पहुंचे और समाजवादी पार्टी को वोट देने पर राजभर बस्ती के लोगों के साथ गाली गलौज शुरू कर दिया, जब बस्ती के लोगों द्वारा इसका विरोध किया गया तो दबंगों ने ईट-पत्थर से हमला बोल दिया। राजभर बस्ती के कई घरों में लगे टीनशेड को गिरा दिया और वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हमले में राजभर बस्ती के चार लोग घायल हो गये। सूचना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दबंग वहां से फरार हो गए।गांव में तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
दूसरी घटना शहर से सटे कंधरापुर थाना क्षेत्र के देवखरी स्थित कन्नौजिया बस्ती की है। यहां पर महिलाओं ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी को वोट देने पर दबंगों द्वारा बस्ती के लोगों के साथ मारपीट की गई, दबंगों ने कई घरों में तोड़फोड़ किया। यहां पर भी पुलिस मौके पर पहुंची और दबंगों की गिरफ्तारी में जुट गयी है।
घटना की जानकारी के बाद समाजवादी पार्टी के विधायक दुर्गा यादव ने दोनों स्थानों पर पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात किया और आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र होकर वोट देना सबका अधिकार है। इस सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक से वार्ता भी की गयी है। उन्होने कहा कि इस तरह काम करने वाले के खिलाफ प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ताकि कहीं पर गरीबों के साथ इस तरह की घटना ने हो सके।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)