विकास दुबे की पत्नी ने लगाया आरोप

Youth India Times
By -
0

ब्राह्मण होने की मिल रही सजा, दी जा रही हैं धमकियां
कानपुर। कानपुर के बिकरू कांड के मुख्य आरोपी गैंगस्टर विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे ने आरोप लगाया कि उनकी सम्पत्तियों पर कब्जे हो रहे हैं। उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि ब्राह्मण होने का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। ऋचा दुबे से बात करने पर उन्होंने पुष्टि की है कि यह वीडियो उन्हीं का है। वह अपने जीवकोपार्जन के लिए लड़ रही है।
एक टीवी चैनल से बातचीत में ऋचा दुबे ने कहा कि हम लोगों के पास जीविकोपार्जन के लिए कुछ नहीं है। जमीनों पर सम्पत्तियों पर कब्जा हो रहा है। गुंडे आते हैं धमकी दी जाती है। हम ब्राह्मण है। हमें ब्राह्मण होने का दंश झेलना पड़ रहा है। लोग आते हैं घर पर घंटी बजाते हैं। धमकी देते हैं। हम इतना परेशान हो चुके थे कि 3-4 माह घर छोड़कर चले गए थे। फिर हमारे अधिवक्ताओं ने समझाया कि अगर आप ऐसे भागेंगी तो यह लोग आपको खत्म कर देंगे।
ऋचा दुबे ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार डरा रही है। ब्राह्मण होने का दंश झेलना पड़ रहा है। शासन प्रशासन मुझे देखकर दरवाजे बंद कर लेता है। मेरे पति का डेथ सर्टीफिकेट नहीं बन पाया। एक साल से ज्यादा वक्त बीत चुका है। अगर गलती से कोई मेरी फरियाद सुन लेता है तो अगले दिन बोलता है कि बाबा ने मेरे खिलाफ जांच बैठा दी है। उन्होंने कहा कि सचेंडी थाना, कानपुर के सभी वरिष्ठ अधिकारी, चौबेपुर थाने, आईजी समेत सभी अधिकारियों के यहां चक्कर लगाए किसी ने नहीं सुनी। अब मै किसी से क्या मदद लूं।
पैसा ले लो भाभी अब विकास दुबे मर चुका है
ऋचा दुबे वीडियो में कह रही है कि दो लोग है जिसमें से एक भाजपा का नेता है। वह विकास के साथ उठता बैठता था। मैने उसे बुलाया भी था बात करने के लिए तो उसने कहा कि भाभी जमीन के एवज में पैसे ले लो। विकास दुबे अब मर चुका है। उसका समय खत्म हो चुका है।
ऋचा दुबे ने कहा कि वह बीडीसी रही है। चुनाव के लिए मैं नहीं सोच रही हूं। उन्होंने कहा कि बिकरू कांड में खुशी दुबे के अलावा जितनी महिलाएं जेल गई है वह गलत गई है। इतना ही नहीं विकास दुबे की भी हत्या की गई है। उन्हें गलत तरह से मारा गया है। न्याय प्रक्रिया से गुजरकर उन्हें फांसी भी हो जाती तो कोई दिक्कत नहीं थी। ऋचा ने कहा कि मैं और मेरा परिवार बहुत परेशान है। हम न्यायपालिका का दरवाजा खटखटाएंगे। न्याय न मिलने की दशा में हम तीनों के सामने आत्महत्या के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता।
x

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)