हालत बिगड़ने पर वाराणसी रेफर, रास्ते में तोड़ा दम
समझौते के बाद शांत हुआ मामला, मृतक छोड़ गया तीन छोटे बच्चे
आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर स्थित सबा अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के पांच दिन बाद एक मरीज की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल परिसर में रोने-चिल्लाने लगे, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में अस्पताल प्रबंधन और परिजनों के बीच बातचीत के बाद मामला शांत हुआ। मेंहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बसिला निवासी 37 वर्षीय अरविंद सोनकर पथरी की बीमारी से ग्रसित थे। उन्हें 13 फरवरी (शुक्रवार) को मुबारकपुर के सबा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद हालत सामान्य बताकर उन्हें घर भेज दिया गया। घर पर दवा चल रही थी, इसी दौरान सोमवार को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें दोबारा सबा अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती कराया। हालत में सुधार न होने पर चिकित्सक ने मंगलवार भोर करीब दो बजे उन्हें हायर सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर वाराणसी जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत से आहत परिजन शव को वापस सबा अस्पताल लेकर पहुंचे और परिसर में विरोध जताने लगे। सूचना पर अस्पताल संचालक डॉ. शमीम अहमद ने परिजनों से वार्ता की। काफी देर तक मान-मनौव्वल और बातचीत के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। मृतक अरविंद सोनकर ठेला लगाकर फल बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।





