भूमाफिया व प्लाटरों पर घेराबंदी रोकने और धमकी देने का आरोप
एसडीएम बोले—किसी की भूमि पर कब्जा नहीं होने देंगे, होगी न्यायोचित कार्रवाई
रिपोर्ट : आरपी सिंह
आजमगढ़। जनपद के आजमगढ़ के फूलपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत भोरमऊ ग्राम निवासी अमरजीत चौरसिया ने अपनी खरीदी गई भूमि पर दबंग भूमाफिया और प्लाटरों द्वारा निर्माण कार्य न करने देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाना, तहसील से लेकर जिला स्तरीय अधिकारियों तथा मुख्यमंत्री तक न्याय की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार अमरजीत चौरसिया पुत्र रामानंद चौरसिया ने वर्ष 2021 में ग्राम भोरमऊ स्थित फूलपुर-सिकरौर मार्ग से सटे गाटा संख्या 495, रकबा 0.411 हेक्टेयर में से 140 कड़ी भूमि खातेदार जोहरा पत्नी अयूब निवासी गनडी से बैनामा के माध्यम से खरीदी थी। आरोप है कि शेष भूमि पर जोहरा के रिश्तेदारों द्वारा प्लाटिंग शुरू कर दी गई। पीड़ित के अनुसार जनवरी 2026 में जब वह अपनी भूमि की घेराबंदी कराने पहुंचे तो कथित भूमाफियाओं ने उन्हें रोक दिया और लोक निर्माण विभाग की सड़क के बीच से नाप कराने की बात कहकर कब्जा करने का प्रयास किया। इस पर अमरजीत ने उपजिलाधिकारी फूलपुर को प्रार्थना पत्र देकर सड़क की हसिया (सीमा) निर्धारित कराने की मांग की। एसडीएम के निर्देश पर क्षेत्रीय लेखपाल व राजस्व निरीक्षक द्वारा रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। रिपोर्ट के बाद सड़क की सीमा निर्धारित हुई, जिसमें खरीदी गई भूमि में 11 कड़ी कम पाई गई। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद दबंग प्लाटरों द्वारा उन्हें धमकाया गया और समझौते का दबाव बनाया गया।अमरजीत का कहना है कि वह न्याय के लिए थाना और तहसील के चक्कर लगाते रहे, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। अंतत: उन्होंने जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और प्रदेश के मुख्यमंत्री को रजिस्टर्ड पत्र के माध्यम से शिकायत भेजी है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी फूलपुर से बात करने पर उन्होंने बताया कि एसआईआर के कारण कुछ व्यस्तता रही, लेकिन किसी भी व्यक्ति की भूमि पर अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा और प्रकरण में न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराकर अपनी भूमि पर कब्जा दिलाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।




