लखनऊ। पीजीआई कोतवाली क्षेत्र के वृंदावन पुलिस चौकी अंतर्गत रेवतापुर गांव में सोमवार को दिवाली की तैयारियों के बीच रास्ते को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि पहले पत्थरबाजी हुई और फिर एक पक्ष ने लाइसेंसी असलहे से फायरिंग कर दी, जिसमें 9 लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। साउथ जोन के पुलिस अधिकारी और पीजीआई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर कानून व्यवस्था को नियंत्रित करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, वृंदावन योजना सेक्टर 8 के रेलवे लाइन के पास स्थित रेवतापुर गांव में सोनू यादव और उनके विरोधी पक्ष के बीच लंबे समय से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार दोपहर करीब 5 बजे, जब लोग दिवाली की खरीददारी में व्यस्त थे, दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया। विवाद के दौरान लाठी-डंडों से मारपीट के बाद एक पक्ष ने लाइसेंसी असलहे से फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में सोनू यादव (26) पुत्र विनेश कुमार यादव के पेट में गोली लगी, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें तत्काल एपेक्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। प्रथम पक्ष से अजय सिंह यादव, विजय यादव, संजय यादव, उषा यादव (पत्नी संजय यादव), वर्षा यादव (पुत्री संजय यादव), रियावती (पत्नी स्व. कृष्ण यादव), प्रीति यादव (पत्नी अजय यादव) और ज्योति यादव (पत्नी विजय यादव) इस विवाद में शामिल थे। इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में पहले लाठी-डंडों से मारपीट हुई और फिर प्रथम पक्ष की ओर से फायरिंग की गई, जिसमें कुल 9 लोग घायल हुए। पुलिस के अनुसार, गोलीबारी करने वाले आरोपी मौके से फरार हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस और प्रशासन मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं। घायलों का इलाज एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।




