आजमगढ़: पैगंबर हजरत मोहम्मद के जीवन पर आधारित 10 दिवसीय कार्यक्रम शुरू

Youth India Times
By -
0





पैगंबर हजरत मोहम्मद को ईश्वर ने केवल मुसलमानों के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व के लिए शांतिदूत के रूप में भेजा था : मौलाना उमर असलम इस्लाही
आजमगढ़ : जमात इस्लामी हिंद की ओर से 5 से 14 सितंबर तक पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित एक 10 दिवसीय अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य उनके सार्वभौमिक और मानव कल्याण से संबंधित संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना है। यह जानकारी जमात इस्लामी की प्रबंध समिति के सदस्य मौलाना मोहम्मद उमर असलम इस्लाही ने शहर अध्यक्ष कलीम अहमद के आवास पर आयोजित एक प्रेस वार्ता में दी।
मौलाना उमर असलम इस्लाही ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद को ईश्वर ने केवल मुसलमानों के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व के लिए शांतिदूत के रूप में भेजा था। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में देश नैतिक मूल्यों के गहरे संकट से जूझ रहा है, जहां आपसी भाईचारा, अमन, चैन, और इंसानियत जैसे मूल्य कमजोर पड़ते जा रहे हैं। इस संकट का समाधान पैगंबर के जीवन और उनके उपदेशों में निहित मोहब्बत, सांप्रदायिक सौहार्द, और न्याय के आदर्शों से ही संभव है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस अभियान के माध्यम से पैगंबर के संदेशों को समाज तक पहुंचाकर अमन और सलामती का माहौल बनाया जा सकता है।
जिला अध्यक्ष मौलाना अहमद कलीम ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर सार्वजनिक सभाएं, गोष्ठियां, और कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा, ताकि लोगों को पैगंबर के जीवन और शिक्षाओं से अवगत कराया जा सके। इस अवसर पर मौलाना मोहम्मद आरिफ इस्लाही और प्रोग्राम के संयोजक मौलाना अब्दुल वासे भी उपस्थित थे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)