कुशीनगर : कुशीनगर जिले के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में शुक्रवार शाम पशु चराने को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। दबंगों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के जिला सह संघ चालक इंद्रजीत सिंह के बेटे और अखिल भारतीय गहरवार क्षत्रिय महासभा के जिला संगठन मंत्री उत्कर्ष सिंह (40) की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले खेत में उत्कर्ष को पीटा, फिर पीछा कर उनके घर को घेर लिया और फरसे व लाठी-डंडों से हमला कर मार डाला। ग्रामीणों का दावा है कि हत्यारों ने उत्कर्ष की आंख फोड़ दी और कान काट डाले।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम उत्कर्ष को सूचना मिली कि उनके खेत में कुछ पशु चर रहे हैं। खेत पर पहुंचने पर उन्होंने पास में झोपड़ी डालकर रहने वाले कन्हई यादव के परिवार से इस बात पर आपत्ति जताई। इस पर दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इंद्रजीत सिंह ने बताया कि कन्हई यादव के चार बेटों—सच्चिदानंद यादव, श्रीनिवास यादव, देवेंद्र यादव और ज्ञान यादव—ने मिलकर उत्कर्ष पर हमला किया।
उत्कर्ष जान बचाने के लिए गांव की ओर भागे, लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा किया और घर के पास घेरकर फरसे और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में उत्कर्ष के सिर, चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों का कहना है कि हमलावर उत्कर्ष का गला दबाकर तब तक बैठे रहे, जब तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल उत्कर्ष को मेडिकल कॉलेज पडरौना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। तीन आरोपियों—सच्चिदानंद यादव, श्रीनिवास यादव और देवेंद्र यादव—को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि चौथा आरोपी ज्ञान यादव फरार है। उसकी तलाश जारी है।
सीओ डॉ. अजय कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों के बयान दर्ज किए। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
उत्कर्ष की हत्या से परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। इंद्रजीत सिंह ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने इलाके में तनाव की स्थिति पैदा कर दी है। पुलिस ने गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखा है।





