भाजयुमो नेता ने पोस्टर फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नगर महामंत्री अमित त्रिपाठी ने समाजवादी छात्र सभा के राष्ट्रीय सचिव सुजीत यादव समेत आठ कार्यकर्ताओं के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए हजरतगंज कोतवाली में शनिवार रात मुकदमा दर्ज कराया है। अमित त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि सुजीत यादव और अन्य आरोपियों ने शहर में लगे व्यंग्यात्मक पोस्टर फाड़े, अराजकता फैलाई, विद्वेष फैलाने की कोशिश की और उन्हें व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
अमित त्रिपाठी ने अपनी तहरीर में बताया कि वह जानकीपुरम एलआईजी कॉलोनी में रहते हैं। उनके मुताबिक, शहर के विभिन्न चौराहों पर लगे कुछ व्यंग्यात्मक पोस्टरों को सुजीत यादव, पवन सरोज, मनीष यादव, दिनेश यादव, शैलेंद्र यादव, ब्रजमोहन यादव, बीपी रघुवंशी, इंजीनियर सुशील पांडेय और कौस्तुभ तिवारी ने फाड़ दिया। इसके साथ ही इन लोगों ने बीच चौराहे पर अराजकता फैलाई और सोशल मीडिया पर धमकी भरे संदेश वायरल किए। त्रिपाठी ने कहा कि इस घटना के बाद से उनके घर के आसपास समाजवादी पार्टी के झंडे लगी गाड़ियां घूम रही हैं, जिससे उन्हें और उनके परिवार को खतरा महसूस हो रहा है।
त्रिपाठी ने चेतावनी दी कि यदि उनके या उनके परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसकी जिम्मेदारी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उक्त आरोपियों की होगी। हजरतगंज थाने के इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि सभी आरोपों की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने शहर में राजनीतिक तनाव को बढ़ा दिया है।







