उरई। उत्तर प्रदेश के उरई में एक शादी समारोह में उस समय हड़कंप मच गया, जब दूल्हे की पहली पत्नी नेहा ने होटल में पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया और दूल्हे प्रभाकर गुप्ता को दुल्हन के सामने थप्पड़ जड़ दिए। यह घटना रविवार, 11 मई को उरई के एक होटल में हुई, जहां झांसी की एक युवती के साथ प्रभाकर की शादी की रस्में चल रही थीं। हंगामे के बाद दुल्हन पक्ष ने शादी तोड़ दी और अपनी बेटी को लेकर वापस लौट गया। नेहा ने अपने पति और उसके परिवार के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोंच के गोखले नगर निवासी प्रभाकर गुप्ता की शादी दो महीने पहले झांसी के बरुआसागर क्षेत्र की एक युवती से तय हुई थी। शादी के लिए 10 लाख रुपये दान-दहेज और होटल खर्च अलग से देने की बात तय हुई थी। 10 मई को शादी की रस्में शुरू हुईं और 11 मई की सुबह विदाई की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान नेहा नाम की महिला अपने बच्चे के साथ होटल पहुंची। मंडप में अपने पति को दूसरी दुल्हन के साथ देखकर वह रो पड़ी और चीख-चीखकर कहने लगी कि प्रभाकर उसका पति है।
नेहा ने बताया कि पांच साल पहले उसने प्रजापति मंदिर में प्रभाकर गुप्ता से शादी की थी। इस शादी से उनका एक बेटा भी है। नेहा के पहले पति देवेंद्र की मृत्यु हो चुकी है, और पहले पति से उसकी एक बेटी भी है। नेहा का आरोप है कि प्रभाकर ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर शादी की थी, लेकिन पैसे के लालच में उसने अपने परिवार के साथ मिलकर दूसरी शादी की योजना बनाई।
नेहा के हंगामे के बाद प्रभाकर की बहनों ने उसे पागल बताकर पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस बीच, दुल्हन पक्ष ने नेहा से पूरी बात जानी और सच सामने आने पर शादी तोड़ने का फैसला किया। दुल्हन के परिजनों ने बेटी को लेकर होटल छोड़ दिया। नेहा ने पुलिस को सूचना दी और कोंच कोतवाली में प्रभाकर और उसके परिवार के खिलाफ तहरीर दी।
घटना के बाद दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच घंटों पंचायत चली। तय हुआ कि दुल्हन पक्ष द्वारा दिया गया दान-दहेज और खर्चा दूल्हा पक्ष को वापस करना होगा। शादी रद्द कर दी गई, और नेहा ने कोतवाली में न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।