आजमगढ़ : विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान

Youth India Times
By -
0
पिता ने दहेज हत्या का लगाया आरोप

रिपोर्ट : वेद प्रकाश सिंह 'लल्ला'
आजमगढ़। दीपावली पर्व के मौके पर जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मनिकाडिह गांव के एक परिवार में 28 वर्षीय विवाहिता के मन में न जाने कौन सी पीड़ा उठी कि उसने त्यौहार के ही दिन अपनी जीवनलीला समाप्त करने का कड़ा निर्णय लेते हुए वह अपने कमरे का दरवाजा बंद कर फांसी के फंदे से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। इस मामले में मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
रौनापार थाना अंतर्गत स्थानीय ग्राम निवासी रामचंदर राम ने विगत वर्ष 2017 में अपनी पुत्री 28 वर्षीय सरोज की शादी जीयनपुर क्षेत्र के मनिकाडिह गांव निवासी सूरज राम से की थी। समय के साथ सरोज ने तीन पुत्रों को जन्म दिया जिनमें सबसे बड़ा पांच वर्ष, मंझला तीन एवं सबसे छोटा एक वर्ष का है। रविवार को सरोज के पति व सास दोनों कृषि कार्य के लिए खेत में गए हुए थे जबकि सरोज घर की साफ-सफाई के लिए घर पर रुक गई। दोपहर में जब सास और पति दोनों घर लौटे तो बच्चे घर के बाहर रो रहे थे और घर का दरवाजा अंदर से बंद था। किसी अनहोनी की आशंकावश इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर सीओ सगड़ी महेंद्र नाथ पांडेय,नायब तहसीलदार रणजीत बहादुर सिंह एवं जीयनपुर कोतवाल विवेक पाण्डेय मौके पर पहुंच गए। उनकी उपस्थिति में घर का दरवाजा खोला गया। अंदर बने कमरे की छत में लगे टिन शेड में दुपट्टे के सहारे विवाहिता का शव लटकता मिला। सूचना पाकर मौके पर मृतका के मायके वाले भी पहुंच गए। घटना के बाबत मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि बेटी को अक्सर ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था। इस संबंध में अभी कुछ समय पूर्व जीयनपुर कोतवाली में पंचायत भी हुई थी जिसमें पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया था। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृतका के पिता ने सास और पति के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)