यूपी विधानसभा ने छः पुलिसवालों को सुनाई कारावास की सजा

Youth India Times
By -
0

विधायक पर लाठी चार्ज करने और उनकी टांग चार जगह तोड़ने का मामला
लखनऊ। यूपी विधानसभा में विशेषाधिकार हनन मामले में दोषी छह पुलिसकर्मियों को विधानसभा ने एक दिन के (शुक्रवार रात 12 बजे तक) कारावास की सजा सुनाई है। इन्हें दिन की तारीख बदलने तक विधानसभा के अंदर ही बने लॉकअप में रहना होगा। इन पुलिसवालों को विधानसभा की विशेषाधिकार हनन समिति ने सर्वसम्मति से दोषी ठहरा दिया था। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सदन में सुनवाई के बाद फैसला सुनाते हुए कहा कि लॉकअप में रहने के दौरान पुलिसवालों का कोई उत्पीड़न नहीं होगा। उन्हें लॉकअप में भोजन, पानी इत्यादि की सुविधा दी जाएगी। जिन पुलिसअधिकारियों को सजा सुनाई गई है उनमें तत्कालीन क्षेत्राधिकारी बाबूपुरवा अब्दुल समद, तत्कालीन किदवई नगर थानाध्यक्ष ऋषिकांत शुक्ला, एसआई थाना कोतवाली कानपुर नगर त्रिलोकी सिंह, किदवई नगर थाने के सिपाही छोटे सिंह यादव, काकादेव थाने के सिपाही विनोद मिश्र और काकादेव थाने के सिपाही मेहरबान सिंह यादव शामिल हैं। इसमें तत्कालीन क्षेत्राधिकारी अब्दुल असर रिटायर हो चुुके हैं। विधानसभा में शुक्रवार को कार्यवाही की शुरुआत करते हुए कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने सदन को अदालत के रूप में परिवर्तित करने का प्रस्ताव रखा जिसे सदन ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया। इसके बाद सदन में सभी छह पुलिसवालों को कारावास की सजा पर विचार करने के प्रस्ताव को भी सदन ने सर्वसम्मति से पास कर दिया। इसके बाद सदन के सदस्यों को इस विषय पर बोलने का मौका दिया गया।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव का नाम लिया। अखिलेश यादव उस समय सदन में नहीं थे। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने पूछा कि सदन में सपा के कोई अन्य सदस्य बोलना चाहते हैं? किसी की ओर से इच्छा जाहिर न करने पर विधानसभा अध्यक्ष ने अपना दल के सदस्य को बोलने का अवसर दिया। इसके बाद निषाद पार्टी के सर्वेसर्वा और मंत्री संजय निषाद ने अपने विचार व्यक्त किए। सबने इस विषय में निर्णय लेने के लिए विधानसभा अध्यक्ष को अधिकृत किया।
15 सितंबर 2004 को बिजली समस्या को लेकर प्रदर्शन कर रहे तब के विधायक सलिल विश्नोई पर लाठी चार्ज करने और उनकी टांग चार जगह तोड़ने के आरोप की पुष्टि होने के बाद सभी को सदन की अवमानना का दोषी पाया गया था। मामले की रिपोर्ट को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बीते गुरुवार को संज्ञान में लिया। इसके बाद शुक्रवार को गिरफ्तार करके सदन में पेश करने का आदेश डीजीपी को दिया था। इस आदेश पर रिटायर हो चुके सीईओ अब्दुल समद, इंस्पेक्टर ऋषि कांत शुक्ला समेत सभी छह पुलिसवालों को शुक्रवार दोपहर लगभग 12ः00 बजे सदन में पेश किया गया। उन्हें कठघरे में खड़ा करके सुनवाई की गई।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)