आजमगढ़ : निकाय चुनाव में आरक्षित सीटों में किया जाएगा परिवर्तन

Youth India Times
By -
0

सभी अधिकारियों को मानक के मुताबिक आरक्षण का निर्धारण करते हुए मांगी गई रिपोर्ट
आजमगढ़। एडीएम वित्त/राजस्व आजाद भगत सिंह ने बताया कि स्थानीय निकाय में बीते चुनाव में जो सीटें जिस वर्ग के लिए आरक्षित की गईं थी। उनका आरक्षण इस साल के चुनाव में बदल दिया जाएगा। सीटों के आरक्षण का निर्धारण करने संबंधी बैठक बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई। जिसमें सभी अधिकारियों को मानक के मुताबिक आरक्षण का निर्धारण करते हुए रिपोर्ट मांगी गई है। चार नवंबर को यह सूची शासन को भेज दी जाएगी। साथ ही दावा और आपत्तियां आमंत्रित कर उसका निस्तारण किया जाएगा।
एडीएम ने बताया कि नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद, सभासद सीट बीते निकाय चुनाव में जिस वर्ग के लिए आरक्षित किया गया था, वह इस चुनाव में बदल जाएगा। जैसे जो पद महिला उम्मीदवार के लिए आरक्षित था। वह इस बार पुरुष वर्ग के लिए आरक्षित होगा। इसी तरह से जो सीट ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित की गई थी, वह इस बार अन्य वर्ग के लिए हो जाएगा। यही हाल एससी सीटों का भी रहेगा। एडीएम ने बताया कि निर्धारित ओबीसी सीटों में से 33 प्रतिशत सीट महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। जबकि एससी सीट का निर्धारण आबादी के हिसाब से किया जाएगा। निर्धारित कुल एससी सीटों का 33 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएंगी। जिले में जितनी सीटें हैं। उसका 33 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित किया जाएगाा। एडीएम ने बताया कि चार नवंबर तक यह रिपोर्ट तैयार करके शासन को भेज दिया जाएगा। साथ ही एक सप्ताह का समय दावा और आपत्ति के लिए दिया जाएगा। आपत्तियों के निस्तारण के बाद सीटों की घोषणा कर दी जाएगी। बता दें कि जिले में कुल 16 स्थानीय निकाय हैं। इसमें तीन नगर पालिका और 13 नगर पंचायतें हैं। तीन नई नगर पंचायतों का गठन किया गया है। जबकि तीन नगर पंचायतों का सीमा विस्तार हुआ है। नगर पालिका में एक आजमगढ़, बिलरियागंज और मुबारकपुर है। जबकि मार्टीनगंज, जहानागंज और बूढ़नपुर तीन नई नगर पंचायतें बनाई गई हैं। नगर पंचायत लालगंज, महराजगंज और अजमतगढ़ का सीमा विस्तार किया गया है। शेष निजामाबाद, सरायमीर, माहुल, अतरौलिया, जीयनपुर, फूलपुर, मेंहनगर पुरानी नगर पंचायतें हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)