पत्नी, पुत्री समेत चार को कमरे में बंद कर लगाई आग, झुलसे

Youth India Times
By -
0

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। मवई खुर्द गांव में बृहस्पतिवार की देर रात शराबी व्यक्ति ने फसल काटने को लेकर पत्नी से हुए विवाद के बाद पत्नी, गर्भवती पुत्री, पुत्र और नाती को कमरे में बंद कर आग लगा दी। इससे सभी झुलस गए।
हालत गंभीर होने पर मंडलीय अस्पताल से दो को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। गांव निवासी अशोक पाल, पत्नी और बच्चों के साथ प्रधानमंत्री आवास में रहता है। परिवार वालों के अनुसार वह कोई कार्य नहीं करता है। पत्नी गीता ही परिवार का भरण-पोषण करती है। इसको लेकर दोनों में विवाद होता रहता है।
इस समय अशोक की पुत्री प्रीती भी अपने पुत्र आशीष के साथ मायके आई है। बृहस्पतिवार की रात अशोक की पत्नी गीता देवी (45), पुत्र शिवबाबू (16), पुत्री प्रीति (24) और उसका पुत्र आशीष (4) कमरे में सो रहे थे। गीता का आरोप है कि देर रात अशोक ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद करके दरवाजे के नीचे से पेट्रोल डालकर आग लगा दी और बार-बार कहने के बाद भी दरवाजा नहीं खोला और भाग गया। इसके बाद कमरे में बंद लोग चीखने-चिल्लाने लगे।
आवाज सुनकर ग्रामीण पहुंचे और दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। वहां से सभी को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। मंडलीय अस्पताल से प्रीति और उसके पुत्र को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
सूचना पर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह, एएसपी नक्सल महेश सिंह अत्रि, सीओ लालगंज उमाशंकर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने कहा कि पत्नी गीता से विवाद के चलते अशोक ने दरवाजा बंद कर कमरे में आग लगा दी थी। गीता की मां लखवंती की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)