ओवैसी व चंद्रशेखर से ओमप्रकाश राजभर ने किया किनारा

Youth India Times
By -
0

समाजवादी पार्टी से गठबंधन के बाद बदले सुर
लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने समाजवादी पार्टी (सपा) से गठबंधन के बाद आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) असदुद्दीन ओवैसी व भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर से किनारा कर लिया है। मऊ के हलधरपुर में 27 अक्टूबर को सुभासपा के स्थापना दिवस समारोह के मौके पर आयोजित वंचित, पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक भागीदारी महापंचायत में अब यह दल शामिल नहीं होंगे। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव रहेंगे।
दरअसल, सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भाजपा से अलग होकर छोटे-छोटे दलों को साथ लेकर भागीदारी संकल्प मोर्चा बनाया था। इस मोर्चा में एआइएमआइएम के प्रमुख ओवैसी व चन्द्रशेखर शामिल थे। राजभर ने पांच साल में पांच सीएम व हर साल चार डिप्टी सीएम बनाने का फार्मूला भी तैयार कर लिया था। वे प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया शिवपाल यादव से भी कई बार मुलाकात कर उन्हें भी मोर्चा में शामिल कराना चाह रहे थे, किंतु शिवपाल अभी तक मोर्चा में शामिल नहीं हुए थे।
इसी बीच सुभासपा ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से हाथ मिला लिया है। उन्हें 27 अक्टूबर को हलधरपुर में होने वाली महापंचायत में शामिल होने का न्यौता भी दिया है। यहीं पर सुभासपा व सपा के गठबंधन की औपचारिक घोषणा होगी। ओम प्रकाश राजभर भले ही यह कहें कि सपा के साथ भागीदारी संकल्प मोर्चा का समझौता हुआ है किंतु हकीकत यह है कि इस समझौते के बाद ओवैसी व चन्द्रशेखर अब मोर्चा में नहीं रहेंगे। चूंकि अखिलेश यादव को भी ओवैसी की पार्टी की जरूरत नहीं है।
सपा से गठबंधन के बाद अब सुभासपा के भी सुर बदल गए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरून राजभर ने कहते हैं कि ओवैसी व चन्द्रशेखर भागीदारी संकल्प मोर्चा की कई बैठकों में साथ जरूर रहे लेकिन यह दोनों ही आधिकारिक रूप से मोर्चा में शामिल नहीं हुए थे। शिवपाल यादव से भी कई बार बातचीत हुई थी लेकिन वह भी अभी मोर्चा में शामिल नहीं थे। 27 अक्टूबर की महापंचायत में मोर्चा में शामिल राष्ट्रीय भागीदारी पार्टी के अध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति, राष्ट्र उदय पार्टी के अध्यक्ष बाबूराम पाल व जनता क्रांति पार्टी के अध्यक्ष अनिल सिंह चौहान शामिल होंगे। इनके अलावा खंगार समाज के गुलाब सिघ्ंह खंगार व बंजारा समाज के सतीश बंजारा व सुनील अर्कवंशी भी शामिल होंगे।
ओम प्रकाश राजभर व अखिलेश यादव मऊ के हलधरपुर हेलीकाप्टर से पहुंचेंगे। राजभर 27 अक्टूबर की सुबह पौने नौ बजे लखनऊ से प्राइवेट प्लेन के जरिए वाराणसी जाएंगे। वाराणसी से करीब सवा दस बजे हेलीकाप्टर से हलधरपुर जाने का कार्यक्रम है। वहीं, अखिलेश दूसरे हेलीकाप्टर से यहां पहुंचेंगे। उसी दिन शाम को राजभर वापस लखनऊ लौट आएंगे।
कार्यक्रम स्थल पर केवल सुभासपा के लगेंगे झंडे रू अरून राजभर ने बताया कि हलधरपुर में सुभासपा का स्थापना दिवस समारोह मनाया जा रहा है। इसलिए यहां केवल सुभासपा के झंडे-बैनर ही लगाए जाएंगे। यहां भीड़ जुटाकर हम अपनी राजनीतिक ताकत दिखाएंगे। इसी दिन सपा के साथ आधिकारिक रूप से गठबंधन की घोषणा होगी। इसके बाद जो भी कार्यक्रम होंगे वह सपा के साथ मिलकर किए जाएंगे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)