आजमगढ़: पालकी में सवार मां की विदाई देख झर-झर बहे आंसू

Youth India Times
By -
0

शहरवासियों के लिए यादगार बनी विसर्जन यात्रा
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। जनपद में विजयादशमी पर्व बीतने के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में दशहरा मेले का सिलसिला शुरू हो गया है। वहीं नगर क्षेत्र में रविवार को भी दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन का कार्यक्रम चलता रहा। शहर के पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में स्थापित की गई प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा शहरवासियों के लिए यादगार बन गई। गाजे-बाजे के साथ धूमधाम से निकाली गई विसर्जन यात्रा में शामिल नारी शक्ति का उत्साह के साथ डांडिया नृत्य का प्रदर्शन एवं पालकी में सवार माता रानी की विदाई देख हर आंखें नम दिखीं। पुरानी सब्जी मंडी पर रामलीला रोड स्थित हाते में स्थापित की गई देवी प्रतिमाएं रविवार की सुबह ट्रैक्टर-ट्राली पर आकर्षक ढंग से सजाए गए रथ पर रखी गईं। आयोजन समिति द्वारा जारी किए गए ड्रेस कोड के अनुसार धारण किए गए परिधान में पुरुषों व महिलाओं को लोग कौतूहल भरी नजरों से देख रहे थे। विसर्जन यात्रा में समिति के कार्यकर्ता प्रतिकात्मक पालकी में सवार माता रानी को कंधे पर रखकर चल रहे थे। आकर्षक परिधान के साथ ही सोलह श्रृंगार कर डांडिया नृत्य करते चल रही नारी शक्ति का उत्साह देखते बन रहा था। इस भव्य विसर्जन यात्रा को देख मानो इन्द्रदेव भी स्वयं को रोक नहीं सके। बारिश के बावजूद यात्रा में शामिल लोगों का मनोबल पूरे चरम पर नजर आया। नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सिधारी क्षेत्र में प्रशासन द्वारा निर्धारित किए गए विसर्जन स्थल पर देवी प्रतिमाओं को विधि विधान से आदर पूर्वक विसर्जित किया गया। इस दौरान सुरक्षा के समुचित प्रबंध किए गए थे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)