शराब माफिया के हमले में दरोगा और दीवान गंभीर रूप से घायल

Youth India Times
By -
0

अवैध तरीके से बन रही कच्ची शराब की सूचना पर छापेमारी के दौरान हुई घटना
बाराबंकी। अवैध तरीके से बन रही कच्ची शराब की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। इसे देख घर की महिलाओं व पुरुषों ने पुलिस बल पर हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से पुलिस संभल नहीं पाई। पथराव से एक दरोगा और दीवान गंभीर रूप से घायल हो गए। फिर क्या था सूचना मिलते ही आधा दर्जन थानों की पुलिस मौके पर पहुचीं। घायल पुलिस कर्मियों को इलाज के लिए भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने पूरे गाँव में अभियान चलाकर एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया। मामला रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र के ग्राम जोरावरपुर मजरे थोरथिया का है।
रामसनेहीघाट की पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी थी कि जोरावर पुर मजरे थोरथिया गांव में अवैध कच्ची शराब बन रही है। जिस पर शाम करीब साढ़े 7 बजे पुलिस बल ने गांव में छापा मारा। पुलिस गांव में पहंुची थी, कि अचानक गांव की महिलाओं ने लाठी डंडों से लैस होकर हमला बोल दिया। वहीं दूसरी ओर महिलाओं व पुरुषों ने पुलिस पर पथराव भी किया।
गांव के अन्दर अचानक हुए हमले से छापा मारने गए पुलिस कर्मी जब तक कुछ समझ पाते तब तक पथराव में दरोगा रामराज चौधरी के साथ दीवान राजकरण यादव लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसे लेकर अन्य पुलिस कर्मियों के हाथ पैर फूल गए। रामसनेहीघाट कोतवाली में घटना की सूचना दी गई।
सूचना पाकर रामसनेहीघाट ही नहीं जैदपुर, दरियाबाद, असंदरा की पुलिस भी मौके पर बुला ली गई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरे गांव की तलाशी ली गई। गांव में अधिकतर ग्रामीण फरार हो गए थे। इस दौरान करीब एक दर्जन ग्रामीण हिरासत में लिए गए। पुलिस को गांव के अन्दर भारी मात्रा में कच्ची शराब बनाने में प्रयोग होने वाली लहन मिली। जिसे पुलिस कर्मियों ने नष्ट किया। घायल दरोगा व दीवान को सीएचसी रामसनेहीघाट से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)