आजमगढ़। जनपद के तरवां थाने में थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार पर पक्षपात का आरोप लगने के बाद ब्लॉक प्रमुख पल्हना अनुराग सिंह सोनू और भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रांत सिंह के नेतृत्व में 5 अक्टूबर को थाने पर धरना दिया गया। यह मामला 4 अक्टूबर को हुई मारपीट की घटना से जुड़ा है, जिसमें हरिजन समाज के लोगों का मुकदमा तुरंत दर्ज किया गया, लेकिन राजभर समाज के गंभीर रूप से घायल व्यक्ति, जिसे 26 टांके लगे, का मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। पीड़ित और उनके परिजनों के साथ थाने में दुर्व्यवहार का आरोप भी लगा। क्षेत्र में यह खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर लिया।
धरने के बाद प्रभारी मंत्री अनिल राजभर और आजमगढ़ SP के हस्तक्षेप से मामले की जांच शुरू हुई। CO लालगंज और SP ग्रामीण की मौजूदगी में जांच के बाद SHO चंद्रदीप कुमार प्रथम दृष्टि में दोषी पाए गए। इसके बाद 12 अक्टूबर को राजभर समाज के पीड़ित का मुकदमा दर्ज किया गया और उनका मेडिकल भी कराया गया। ब्लॉक प्रमुख अनुराग सिंह सोनू ने कहा, "न्याय के लिए हम कहीं भी, किसी के भी खिलाफ लड़ने को तैयार हैं। सीएम योगी और पीएम मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा कार्यकर्ता हमेशा न्याय और विकास के लिए तत्पर रहेंगे।"




