लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उनके जन्मदिन पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख व योगी सरकार में पंचायतीराज मंत्री ओम प्रकाश राजभर की ओर से मिला बधाई संदेश राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। राजभर ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अखिलेश के साथ पुरानी तस्वीर साझा करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। यह तस्वीर 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले की है, जब राजभर ने भाजपा का साथ छोड़कर सपा के साथ गठबंधन की रणनीति पर चर्चा की थी।
राजभर ने अपने संदेश में लिखा, "सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना करता हूं।" इस तस्वीर और संदेश ने नई राजनीतिक संभावनाओं को हवा दी है, क्योंकि राजभर आए दिन अखिलेश पर तीखे हमले बोलने के लिए जाने जाते हैं। उनके इस बदले अंदाज ने सबको चौंका दिया।
राजभर ने तस्वीर के संदर्भ में कहा, "राजनीतिक प्रतिद्वंदिता अपनी जगह है, लेकिन स्वस्थ लोकतंत्र में जन्मदिन जैसे शुभ अवसरों पर बधाई देना परंपरा है।" हालांकि, इस बधाई ने सियासी हलकों में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनीतिक पंडित इसे नए समीकरणों की शुरुआत के रूप में देख रहे हैं।
राजभर के इस कदम को लेकर राजनीतिक विश्लेषक कई निहितार्थ निकाल रहे हैं। कुछ का मानना है कि यह केवल औपचारिक शिष्टाचार है, जबकि कुछ इसे भविष्य के गठबंधन की संभावनाओं से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल, यह बधाई संदेश और तस्वीर उत्तर प्रदेश की सियासत में नए कयासों को जन्म दे रही है।







