चोटी काटी, सिर मुड़वाया और रगड़वाई नाक

Youth India Times
By -
0

 






ब्राह्मण न होने पर भगवताचार्य को पीटा, पैर छुवाए, 5 घंटे बंधक बनाया
इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के महेवा थाना क्षेत्र के दांदरपुर गांव में शनिवार रात एक शर्मनाक घटना सामने आई है। ग्रामीणों ने भगवताचार्य मुकट मणी (मुक्त सिंह) और उनके दो सहयोगियों की केवल इसलिए पिटाई की, क्योंकि वे ब्राह्मण नहीं थे। आरोपियों ने भगवताचार्य का सिर मुड़वाया, चोटी काटी, नाक रगड़वाकर गांव वालों के पैर छुआकर माफी मंगवाई। इतना ही नहीं, उनकी बाइक की हवा निकालकर दोबारा पंप से हवा भरवाई गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, दांदरपुर गांव में शनिवार को श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया था। इसमें भगवताचार्य के रूप में मुकट मणी (मुक्त सिंह), निवासी सिविल लाइन थाना क्षेत्र, को व्यास के रूप में बुलाया गया था। उनके साथ संत सिंह यादव (कानपुर देहात) और श्याम सिंह कठेरिया (अछल्दा) भी थे। सुबह कलश यात्रा के बाद देर शाम पाठ समाप्त हुआ। इसी दौरान गांव में यह चर्चा शुरू हुई कि भगवताचार्य ब्राह्मण नहीं हैं। इस बात से नाराज ग्रामीणों ने तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। मुकट मणी ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों ने उनसे 25 हजार रुपये, एक चेन और अंगूठी भी लूट ली। पीड़ित ने बताया कि उन्हें अपमानित करने के लिए बर्बरता की गई। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
सोमवार को पीड़ित मुकट मणी समाजवादी पार्टी के सांसद जितेंद्र दोहरे, भरथना विधायक राघवेंद्र गौतम और सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य के साथ एसएसपी से मिलने पहुंचे। एसएसपी के निर्देश पर अतुल डीलर, पप्पू बाबा और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)