पार्टी ने दिया नोटिस, जांच के लिए समिति गठित
लखनऊ। प्रदेश भाजपा ने फतेहपुर के जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन पर पार्टी में पद दिलाने के नाम पर 50 लाख रुपये लेने के आरोप हैं। इस संबंध में जवाब देने के लिए उन्हें सात दिन का समय दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है। इसमें दो प्रदेश महामंत्री व एक मंत्री शामिल हैं।
पूर्व क्षेत्रीय मंत्री व भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अजित कुमार गुप्ता ने मुखलाल पाल पर आरोप लगाया है कि उन्होंने पार्टी में पद दिलाने के नाम पर पार्टी फंड में जमा कराने के लिए 50 लाख रुपये की मांग की थी। उन्हें 50 लाख नकद दिया गया था, लेकिन उन्होंने ये रकम जमा नहीं की और पूरा पैसा अपने पास ही रख लिया। उन्होंने इसकी लिखित शिकायत संगठन से की थी।
प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने इसे गंभीरता से लिया।इस संबंध में भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने बताया कि मुखलाल पाल के विरुद्ध शिकायत प्राप्त हुई है। यह शिकायत पार्टी के विचारों के विपरीत है। पाल द्वारा किया गया काम अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इसे संज्ञान में लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। पाल को सात दिन के भीतर भाजपा प्रदेश कार्यालय में आकर अपना स्पष्टीकरण देना होगा। अगर तय समय में स्पष्टीकरण या संतोषजनक उत्तर न मिला तो पार्टी अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। इसमें प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता, प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान और प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी शामिल हैं।