करंट लगने से दरोगा की हुई मौत

Youth India Times
By -
0

एक महीने पहले हुआ था प्रमोशन
इटावा। इटावा में दारोगा की करंट लगने से मौत हो गई। शुक्रवार सुबह पैर फिसलने से वह कूलर से सटे। तभी करंट की चपेट में आ गए। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। सुबह दूध बेचने वाले के आने के बाद इस घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। अस्पताल लेकर गए, जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है।
दारोगा विजय सिंह (54) मूल रूप से कानपुर के रहने वाले थे। एक माह पूर्व हेड कांस्टेबल से दारोगा पद के लिए चौबिया क्षेत्र की कर्री चौकी पर पदोन्नति हुई थी। पुलिस के मुताबिक, आज सुबह जब वह सोकर उठे तो वॉशरूम इस्तेमाल करने के लिए कमरे से निकले। कमरे के बाहर बारिश की वजह से मिट्टी गीली पड़ी थी। जिसकी वजह से वह फिसल गए। फिसलने के कारण बाहर गेट से लगे कूलर का उन्होंने सहारा लिया। जैसे ही उन्होंने कूलर को छुआ, वह करंट की चपेट में आ गए।
साढ़े सात बजे के लगभग दूधिया उनके घर पर गया था। तो वह औंधे मुंह जमीन पर पड़े थे। ये देखकर उसने पुलिस को सूचित किया। जानकारी पर एसपी देहात सतपाल सिंह, सीओ सैफई नागेंद्र चौबे घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बताया, विजय को तत्काल अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी परिजनों को दी गई है। चौकी इंचार्ज दर्शन सिंह सोलंकी ने बताया कि देर रात शिवनाथ और विजय सिंह के साथ गश्त से लौटे थे। उसके बाद वह अपने कमरे में सो गए थे। सुबह साढ़े सात बजे दूधिया के आने पर जानकारी हुई। उसके बाद उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)