मऊ : जिलाधिकारी ने नवनिर्मित रूरल हाट बाजार एवं खेल मैदान का किया लोकार्पण

Youth India Times
By -
0

जिला प्रशासन की पहल एवम् नवाचार से मनरेगा से हो रहा है स्थाई एवं जन उपयोगी परिसंपत्तियों का निर्माण
निर्धारित लक्ष्य 32 के सापेक्ष 16 खेल के मैदान का निर्माण कार्य हुआ पूर्ण, शेष का निर्माण अपने अंतिम चरण में
रिपोर्ट-संजीव राय
मऊ। आज जिलाधिकारी अरुण कुमार द्वारा विकासखंड फतेहपुर मंडाव के अंतर्गत मनरेगा के तहत नवनिर्मित ग्राम पंचायत फूलपुर में रूरल हाट बाजार एवम् ढिलई फिरोजपुर में खेल मैदान का लोकार्पण किया गया। जिला प्रशासन के प्रयासों एवं नवाचार से मनरेगा के तहत जनपद के प्रत्येक विकास खंडों में खेल के मैदान एवं ग्रामीण हाट बाजार का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस पहल से मानव दिवस के सृजन के साथ ही स्वरोजगार एवं ग्रामीण स्तर पर खेलों को बढ़ावा भी मिलेगा। इस दौरान डीसी मनरेगा ने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत विकासखंड फतेहपुर मंडाव के अंतर्गत ग्राम पंचायत फूलपुर में ग्रामीण हाट बाजार का निर्माण कराया गया है,जिसमें दो चबूतरा, एक कार्यालय, एक हैंडपंप सहित अन्य आवश्यक चीजों का निर्माण शामिल है। इस रूरल हाट बाजार के निर्माण की अनुमानित लागत 17.95 लाख रुपए है। इसका निर्माण कार्य 29 जनवरी 2023 को प्रारंभ किया गया था।

 उन्होंने बताया कि इस ग्रामीण हाट बाजार में चबूतरो को 26 दुकानदारों को आवंटन किया जाएगा, जिससे आसपास के लोगों को स्वरोजगार का अवसर मिलेगा, साथ ही ग्रामीण हाट बाजार के निर्माण से आस-पास के 6 से 7 गांव के लोगों को इसका लाभ होगा। उन्होंने बताया कि सप्ताह के 2 दिन सोमवार एवं शुक्रवार को यहां बाजार लगाई जाएगी। इस वित्तीय वर्ष हेतु निर्धारित 9 रूरल हाट बाजारों के निर्माण के सापेक्ष दो विकास खंडों में रूरल हाट बाजार का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष सात विकास खंडों में निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है। सभी 9 रूरल हाट बाजारों के निर्माण से लगभग 13500 मानव दिवस का सृजन भी होगा। जिलाधिकारी ने दुकानों का आवंटन कर उचित किराया भी निर्धारित करने को कहा जिससे भविष्य में रूरल हॉट बाजार के मरम्मत एवम् अन्य आवश्यक कार्य संपादित किए जा सके। जिलाधिकारी द्वारा विकासखंड फतेहपुर मंडाव के अंतर्गत ही ग्राम पंचायत ढ़िलई फिरोजपुर में खेल मैदान का भी लोकार्पण किया गया। यहां पर ओपन जिम के अलावा बालीबाल कोर्ट, सेल्फी प्वाइंट, बाउंड्री वॉल के किनारे इंटरलॉकिंग कार्य के साथ ही अन्य खेलों के लिए खुले मैदान की भी व्यवस्था है। जनपद के गांवों में खेल के मैदान के निर्माण हेतु जिला प्रशासन द्वारा कुल 32 गांवो में खेल के मैदान का निर्माण कराया जा रहा है, जिनमें 16 खेल के मैदान पूरी तरह तैयार हो चुके हैं। शेष अन्य पर भी तेजी से कार्य कराया जा रहा है,जिसके मार्च के अंत तक पूर्ण होने की संभावना है। जिला प्रशासन की मंशा है कि प्रत्येक न्याय पंचायत में कम से कम एक खेल के मैदान का निर्माण कराया जाए। इस कार्य हेतु जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार के नेतृत्व एवम् मार्गदर्शन में नियमित समीक्षा बैठकें कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा इस संबंध में किए जा रहे प्रयासों से यह कार्य शीघ्र ही पूर्ण होने की संभावना भी है। इस वित्तीय वर्ष हेतु निर्धारित लक्ष्य 32 खेल के मैदान के निर्माण के दौरान कुल लगभग 41600 मानव दिवस का भी सृजन होगा। जिलाधिकारी ने डीसी मनरेगा को आगामी वित्तीय वर्ष हेतु नए रूरल हाट बाजार एवं खेल के मैदानों के लिए जमीन के चिन्हांकन के साथ ही अन्य आवश्यक कार्यवाही भी प्रारंभ करने के निर्देश दिए।उन्होंने प्रत्येक विकासखंड में एक बड़े खेल के मैदान के निर्माण हेतु जमीन चिन्हित करने को कहा,जिसमे अधिक से अधिक खेलो हेतु व्यवस्था की जा सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश पाण्डेय के अलावा उप जिलाधिकारी मधुबन, डीसी मनरेगा उपेंद्र पाठक, खंड विकास अधिकारी फतहपुर मंडाव सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

Tags:

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)