आजमगढ़: सीएम योगी तक पहुंचा भाजपा जिला उपाध्यक्ष और एडीओ पंचायत का मामला

Youth India Times
By -
0

अभी तक दोनों पक्षों पर मामला हुआ है दर्ज
चर्चाएं बहुत कुछ लेकिन बोलने को नहीं तैयार हैं जिम्मेदार
आजमगढ़। भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरिवंश मिश्र और एडीओ पंचायत बिलरियागंज शांति शरण सिंह के बीच हुए विवाद का हाई वोल्टेज मामला सीएम योगी आदित्यनाथ के सम्मुख पहुंच गया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरिवंश मिश्र ने सीएम योगी आदित्यनाथ व डिप्टी सीएम को लिखित रूप से देकर अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज द्वारा एडीओ पंचायत बिलरियागंज का शस्त्र लाइसेंस भी निलम्बित कर दिया गया है। सूत्रों के आधार पर एडीओ पंचायत पर गंभीर धाराएं लगाने व निलम्बित किये जाने की चर्चा ने काफी जोर पकड़ लिया है लेकिन इस मामले में कोई भी जिम्मेदार अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
बता दें कि विगत दिनों भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरिवंश मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंप जान की सुरक्षा की गुहार लगाई है। जिला उपाध्यक्ष ने ज्ञापन के माध्यम से आरोप लगाया कि एडीओ पंचायत शांति शरण सिंह द्वारा पहले फोन पर गोली मारने की धमकी दी गई फिर मौके पर पहुंचकर सरेआम पिस्टल निकालकर गोली मारने की कोशिश की गई। मामूली सी बात पर एडीओ पंचायत में अपनी गुंडई दिखाते हुए मेरे ऊपर पिस्टल तान दी और उसे जान से मारने की कोशिश की। वही एडीओ पंचायत शांति शरण सिंह द्वारा भी तहरीर देकर वही आरोप भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरिवंश मिश्र के ऊपर लगाया गया था। मामले में कोतवाली पुलिस द्वारा पहले शांति शरण सिंह के खिलाफ 504, 506 धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वही शान्ति शरण सिंह की तहरीर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरिवंश मिश्र के खिलाफ धारा 504, 506, 323, 394, 386 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इस मामले में विवेचना के बाद धारा 323, 394, 386 धारा को समाप्त कर दिया गया। बताते चलें कि जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीओ पंचायत बिलरियागंज शांति शरण सिंह के असलहे का लाइसेंस निलम्बित कर दिया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)