भाजपा विधायक व उसके बेटे पर रेप का मुकदमा दर्ज

Youth India Times
By -
0

नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश कर दुराचार का आरोप
आगरा। आगरा के फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा और उनके बेटे लक्ष्मीकांत वर्मा के खिलाफ एक महिला ने शारीरिक शोषण का मुकदमा दर्ज कराया है। दुराचार, गर्भपात, मारपीट, जान से मारने की धमकी, जहरखुरानी, पहली पत्नी होते हुए दूसरी शादी के आरोपों में जांच के बाद थाना ताजगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, ताजगंज निवासी महिला ने दर्ज मुकदमे में कहा है कि वह विधायक छोटेलाल वर्मा की बेटी के साथ पढ़ती थी। वर्ष 2003 में 17 साल की थी। छोटेलाल वर्मा के दयानगर स्थित घर जाती थी। सहेली ने अपने भाई लक्ष्मीकांत वर्मा से मिलवाया।
16 नवंबर 2003 की दोपहर लक्ष्मीकांत ने उसे घर बुलाया। आरोप है कि वह घर पर अकेला था। उसे नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश करके दुराचार किया। अश्लील वीडियो बना ली। वायरल करने की धमकी देकर शरीरिक शोषण करने लगा। कहने लगा कि शादी कर लेगा। बाद में उससे मंदिर में शादी रचा ली। आरोपित के परिवार राजनीतिक रसूख वाला है। वह शिकायत की हिम्मत नहीं जुटा सकी।
इधर, लक्ष्मीकांत ने 13 फरवरी 2006 में दूसरी शादी कर ली। लक्ष्मीकांत ने पीड़िता को आगरा में एक मकान भी दिलवाया। जहां वो रह रही थी। लगातार उसके साथ मारपीट की जा रही थी। 26 अगस्त को उसके साथ मारपीट की गई। जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। पिछले दिनों पीड़िता ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की थी। जांच के बाद पुलिस ने विधायक और उनके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ताजगंज थाने में विधायक छोटेलाल वर्मा और उसके बेटे लक्ष्मीकांत वर्मा के खिलाफ धारा 376, 313, 323, 504, 506, 494 और 328 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पीड़िता का आरोप है कि एक ओर उस पर अत्याचार हो रहे थे, इसी दौरान उसके पिता की नौकरी छूट गई। आरोपित ने अपने पिता के साथ संजय प्लेस में एक साइबर कैफे खोला। वहां पुलिस का छापा पड़ गया। हरीपर्वत पुलिस उसे भी थाने ले गई। उससे पूछताछ हुई। आरोपित ने उसे धमकाया कि किसी भी सूरत में उसके पिता का नाम नहीं बताए। उसके पिता की छवि खराब हो जाएगी। पुलिस ने उससे बहुत सख्ती की मगर उसने लक्ष्मीकांत के पिता का नाम नहीं बताया। इस प्रकरण के बाद पीड़िता के अनुसार वह जालंधर चली गई।
लक्ष्मीकांत के दूसरी शादी करने के बारे में जब उसे पता चला तो परेशान हो गई। अपने परिजनों को बताया कि उसकी लक्ष्मीकांत से शादी हुई थी। इस जानकारी के बाद माता-पिता ने उसका साथ छोड़ दिया। उसने लक्ष्मीकांत और उसके पिता छोटेलाल से बात की। लक्ष्मीकांत ने उसे अपने एक दोस्त के घर में रख दिया। वर्ष 2011 में उसने एक बेटी को जन्म दिया। लक्ष्मीकांत को बेटा चाहिए था। आरोप है कि इस कारण उसने कई बार उसे गर्भधारण कराया। कोख में बेटी होने पर गर्भपात कराया।
पीड़िता ने मुकदमे में और भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका आरोप है कि लक्ष्मीकांत उसके दोनों बच्चों को मारना चाहता है। उसे लगता है कि वह संपत्ति में हिस्सा मांग सकती है। लक्ष्मीकांत और उसके पिता उसके खिलाफ कई साजिश रच चुके हैं। एक स्कूल में प्रबंधक बनाया। बाद में वहां से भी हटवा दिया। फ्लैट लेकर दिया। बाद में खर्चा तक देना बंद कर दिया। वह पिछले कई दिनों से अपने उत्पीड़न की दास्तां लेकर पुलिस के पास पहुंची मगर सुनवाई नहीं हुई। आखिर में उसकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)