आजमगढ़: किशोर की जान लेने के बाद पकड़ा गया आतंकी बंदर

Youth India Times
By -
0

बंदर भगाने के दौरान पटाखा फोड़े जाने से सिर में लगी थी चोट
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। जहानागंज क्षेत्र में लंगूर बंदर के आतंक से परेशान लोगों को शनिवार की शाम 13 वर्षीय किशोर को अपनी जान गंवाने के बाद निजात मिल सकी। स्थानीय जनता एवं वन विभाग की टीम के प्रयास से आतंकी बंदर को पकड़ा जा सका। किशोर के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताते चलें कि जहानागंज क्षेत्र में लगभग 300 लोगों को अपना शिकार बना चुके लंगूर बंदर के आतंक से लोगों का जीना हराम हो गया था। आतंकी बंदर के घर से जहां लोग घरों में कैद रहने को विवश थे, वहीं बाजार में व्यवसाय करने वाले दुकानदार बंदर के आतंक से परेशान होकर प्रतिष्ठान के बाहर डंडा लेकर रखवाली करने को मजबूर थे। बंदर को पकड़ने के लिए क्षेत्र के लोगों ने नगर पंचायत एवं वन विभाग से शिकायत दर्ज कराते हुए गुहार लगाई थी। पिछले तीन दिनों से जहानागंज बाजार में बंदर का आतंक कुछ ज्यादा ही बढ़ गया था। शनिवार की सुबह भी उसने कई लोगों को काट खाया तो लोगों का धैर्य जवाब दे गया और जहानागंज बाजार स्थित चौराहे पर लोगों ने मार्ग अवरुद्ध कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दिया। इस बात की जानकारी पाकर थानाध्यक्ष जहानागंज ने अधिकारियों को इस बात से अवगत कराया। दिन में करीब 12 बजे वन विभाग की टीम बंदर को पकड़ने के लिए जहानागंज कस्बे में पहुंची। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया और स्थानीय जनता की मदद से बंदर को पकड़ने की कवायद शुरू हो गई। बताते हैं कि बंदर को भगाने के लिए लोग पटाखों का इस्तेमाल कर रहे थे। शनिवार की दोपहर कस्बे के शकूराबाद मोहल्ले में दिखे आतंकी बंदर को भगाने के लिए किसी ने पटाखे को सुलगा कर बाहर की ओर फेंका तभी उस रास्ते से गुजर रहे शकूराबाद निवासी 13 वर्षीय शोएब पुत्र कमाल अख्तर के सिर के पास पटाखा फूट गया। सिर में गंभीर चोट लग जाने के कारण शोएब बुरी तरह घायल हो गया। आनन-फानन उपचार के लिए लोग उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए। शोएब की हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। बताते हैं कि जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव लेकर लोग वापस घर लौटे और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं शाम करीब 4 बजे स्थानीय जनता एवं वन विभाग की टीम के प्रयास से एक खाली पड़े मकान में घुसे बंदर को काफी मशक्कत के बाद पकड़ा जा सका। जाल में कैद बंदर को देखने के लिए तमाशबीनों की भीड़ जमा हो गई। आतंकी लंगूर बंदर को जाल में कैद देख लोगों ने राहत की सांस ली।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)