आजमगढ़: न्याय दिलाने की आस में पूर्व मुख्यमंत्री से मिली दहेज पीड़िता

Youth India Times
By -
0

रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विधानसभा क्षेत्र में निवास करने वाली दहेज उत्पीड़न की शिकार विवाहिता को न्याय न मिलने पर सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलकर उनसे न्याय दिलाने की आस में गुहार लगानी पड़ी।
बताते चलें कि सपा मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को सपा विधायक दारा सिंह चौहान के माता की त्रयोदशी में श्रद्धांजलि देने के लिए जनपद में आए थे। इसी दौरान सिधारी थाना क्षेत्र के मतौलीपुर गांव में ब्याही दहेज पीड़िता प्रिया निषाद पत्नी मन्धीर निषाद उक्त कार्यक्रम में न्याय की गुहार लगाने पहुंच गई। पूर्व मुख्यमंत्री को लिखित प्रार्थना पत्र देते हुए उसने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर ससुराल वाले उसे मारते पीटते हैं। बीते 7 मई की रात ससुराल वालों ने उसे बुरी तरह मारा-पीटा और गोरखपुर शहर से सटे नौसड़ चौराहे पर उसे बेहोशी हालत में वाहन से फेंक कर फरार हो गए। वहां की पुलिस ने उसे ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मायके वालों की मदद से पीड़िता को उसकी ससुराल लाया गया और सिधारी थाने में घटना के बाबत तहरीर दी गई लेकिन पुलिस ने इस मामले में कोई कार्यवाही नहीं की। अब ससुराल पक्ष के लोग पीड़िता को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने पीड़िता की बातों को संज्ञान में लिया है। अब देखना यह है कि पीड़िता को इस मामले में न्याय कब मिल पाता है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)