आजमगढ़: खाकी ने किया दंगा नियंत्रण का अभ्यास

Youth India Times
By -
0

सर्वाधिक दूरी तक ग्रेनेड फेंकने वाले आरक्षी को एसपी ने किया पुरस्कृत
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़ जिला मुख्यालय पर स्थित रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में रविवार की सुबह अवकाश के दिन अचानक पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद की नारेबाजी सुन हर कोई हैरान रह गया। लगभग चार दर्जन विभिन्न वेशभूषा धारण किए युवक पुलिस के समक्ष जमकर नारेबाजी कर रहे थे और पुलिस उन्हें समझाने का प्रयास कर रही थी। कुछ देर बाद सीटी बजी और बाडी प्रोटेक्टर लिए पुलिस के जवान उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ललकारते हुए आगे बढ़े। नारेबाजी कर रहे उग्र युवकों को हटाने के लिए पुलिस कई बार आगे बढ़ी और दोनों के बीच गुरिल्ला युद्ध की स्थिति नजर आ रही थी। मैदान में मौजूद पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य सहित अन्य अधिकारियों द्वारा पुलिस के जवानों का उत्साहवर्धन करते देख लोगों के समझ में आया कि यह कार्रवाई दंगा नियंत्रण अभ्यास के दौरान चल रही है। इसके लिए जनपद के सभी 26 थाना प्रभारियों के साथ ही 50 पुरुष एवं 54 महिला आरक्षियों को अभ्यास के लिए जिला मुख्यालय पर बुलाया गया था। अभ्यास में शामिल जवानों के द्वारा लगभग 228 आंसू गैस, मिर्ची बम व हैंड ग्रेनेड का प्रयोग किया गया। साथ ही जवानों को विभिन्न संसाधनों का भी प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान सर्वाधिक दूरी तक हैंड ग्रेनेड फेंकने वाले आरक्षी शिवम कुमार की पीठ थपथपाते हुए पुलिस अधीक्षक ने उसे नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। जवानों को दंगा नियंत्रण उपकरणों को धारण करने के लिए भी प्रशिक्षित किया गया। तत्पश्चात जनपद के सभी थानों से लाए गए विभिन्न प्रकार के सेलों की पुलिस लाइन में नियुक्त हेड आर्माेरर से जांच कराई गई। साथ ही एक्सपायर अवधि के करीब पहुंच चुकी गोलियों को बदलने हेतु निर्देशित किया गया। इस मौके पर एसपी सिटी शैलेन्द्र लाल, एसपी रुरल सिद्धार्थ, एसपी ट्रैफिक सुधीर जायसवाल समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)