महिला को बंधनमुक्त कराने पहुंची पुलिस पर हमला, दारोगा के स्टार नोचे, वर्दी फाड़ी

Youth India Times
By -
0


बिजनौर। गांव सूंदरा में रात पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने उस समय हमला बोल दिया, जब वह जेठ व अन्य ससुरालियों द्वारा बंधक बनाई गई महिला को छुड़ाने पहुंची थी। पुलिसकर्मियों की वर्दी तक फाड़ दी। सूचना पर पुलिस बल पहुंचा और भीड़ को तितर-बितर किया। एक दारोगा और सिपाही को चोट आई है। पुलिस ने पांच लोगों को नामजद करते हुए 35 अज्ञात महिलाओं व 50 पुरुषों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पिछले दिनों गांव सूंदरा निवासी सोमपाल पुत्र प्रकाश सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। बताया जा रहा है कि उसके बाद से ही सोमपाल के स्वजन उसकी पत्नी शीतल को परेशान करने लगे। जेठ गंगे, जवेंद्र व उसकी पत्नी बबली ने उसे मकान में बंद कर दिया था। हाल ही में शीतल के पिता खचेड़ू निवासी गांव शाहरपुर थाना गजरौला अमरोहा भी स्वजन के साथ शीतल से मिलने गए, लेकिन उन्हेें मिलने नहीं दिया गया। इसके बाद उसने पुलिस व प्रशासन से उसकी पुत्री को बंधनमुक्त कराए जाने की गुहार लगाई। बुधवार रात करीब पौन बजे बबनपुरा चौकी प्रभारी श्रीओम शुक्ला, सिपाही प्रेम ङ्क्षसह, जुनैद, जितेंद्र, राजीव राठी व महिला कांस्टेबल ऊषा व राखी आदि उसे बंधनमुक्त कराने गांव पहुंचे। पुलिस के पहुंचते ही देवेंद्र उर्फ बंटी व दुष्यंत पुत्र हेमराज और गंगे, योगेश, राकेश के अलावा 40-50 पुरुषों व 30-35 महिलाओं ने पुलिस को रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने जब उन्हें रोकना चाहा तो उन्होंने धक्का-मुक्की करते हुए दारोगा के स्टार नोच दिए और वर्दी फाड़ दी। पुलिस से मारपीट करते हुए दौड़ा दिया। पुलिस ने कोतवाली को इसकी जानकारी दी।
दारोगा श्रीओम शुक्ला व तीन सिपाही घायल हो गए। कई थानों का फोर्स वहां पहुंचा और लोगों को खदेड़ा। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मामले में देवेंद्र, दुष्यंत पुत्र हेमराज, गंगे व योगेश पुत्र प्रकाश व उमराव को नामजद करते हुए 30-35 अज्ञात महिलाएं व 40-50 अज्ञात पुरुषों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)