आज़मगढ़ : आलमबदी ने चार बार निजामाबाद सीट पर हासिल की जीत

Youth India Times
By -
0


1980 के बाद कांग्रेस तो अब तक बाद नहीं खुला भाजपा का खाता
आजमगढ़। ब्लैक पॉटरी के लिए मशहूर निजामाबाद विधानसभा सीट पर 1991 से लेकर अब तक आलमबदी और अंगद यादव के बीच ही जंग रही। जबकि सपा और बसपा के उदय के बाद यहां कांग्रेस अपना खाता खोलने को तरस गई। इस सीट पर तीन बार बसपा और चार बार सपा ने कब्जा जमाया है। इस सीट पर भाजपा का अभी तक खाता भी नहीं खुल पाया।
चार बार जीत दर्ज करने वाले आलमबदी को एक बार सिर्फ अंगद यादव के हाथों हार का सामना करना पड़ा है।
छोटे और क्षेत्रीय दलों के उदय के बाद जनपद की सभी सीटों पर कांग्रेस अपना जनाधार खोती गई। जनपद के निजामाबाद विधानसभा सीट से कांग्रेस के आखिरी विधायक रामबचन रहे। जिन्होंने 1989 में जनता दल के मसूद को हराकर इस सीट पर कब्जा जमाया था। इसके बाद लगातार दो बार 1991 और 1993 में बसपा के टिकट पर अंगद यादव ने जीत हासिल की। उनके विजय के सिलसिले को सपा के आलमबदी ने 1996 में तोड़ा। फिर 2002 में हुए विधानसभा चुनाव में बसपा ने कलामुद्दीन को अपना उम्मीदवार बनाया। इस चुनाव में भी आलमबदी ने जीत हासिल की। लगातार दो बार जीतने के बाद 2007 में बसपा के टिकट पर मैदान में उतरे अंगद यादव ने आलमबदी के विजयी अभियान पर रोक लगाई और उन्हें हराकर जीत हासिल की। लेकिन 2012 के हुए चुनाव में आलमबदी ने एक बार फिर इस सीट पर कब्जा जमाया। इसके बाद 2017 में भी आलमबदी आजमी की जीत का सिलसिला जारी रहा। उन्होंने बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करैली को हराया।
निजामाबाद में 1977 के बाद विधायक और पार्टी
वर्ष विधायक पार्टी
1977 मो. मसूद जेएनपी
1980 चंद्रबली ब्रह्मचारी कांग्रेस
1985 मो. मसूद एलकेडी
1989 रामबचन कांग्रेस
1991 अंगद यादव बसपा
1993 अंगद यादव बसपा
1996 आलमबदी सपा
2002 आलमबदी सपा
2007 अंगद यादव बसपा
2012 आलमबदी सपा
2017 आलमबदी सपा
ओडीओपी में चयनित है यहां की ब्लैक पॉटरी
जिला मुख्यालय से लगभग 15 किमी दूर निजामाबाद कस्बा अपने आप में कई धरोहरों को समेटे हुए हैं। निजामाबाद में मां शीतला का धाम है जहां पूरे वर्ष श्रद्घालु पहुंचते हैं। वहीं कस्बे से कुछ दूरी पर ही ऋषि दत्तात्रेय का आश्रम भी है जहां कार्तिक पूर्णिमा पर और अन्य अवसरों पर लोग स्नान और दर्शन पूजन को पहुंचते हैं। निजामाबाद की ब्लैक पॉटरी पूरे विश्व में विख्यात है। यहां के कई कलाकार राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कृत हो चुके हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार ने निजामाबाद की ब्लैक पॉटरी को ओडीओपी के तहत चयनित किया है। इसके अलावा क्षेत्र में गेहूं धान के साथ ही किसान सब्जी की खेती बड़े पैमाने पर करते हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)