आजमगढ़: पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार ईनामी पंकज यादव जख्मी

Youth India Times
By -
0

घायल बदमाश के कब्जे से देसी पिस्टल व बाइक बरामद
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में बुधवार की रात हुई पुलिस मुठभेड़ में 50000 का हालिया ईनामी बदमाश पंकज यादव गोली लगने से जख्मी हो गया। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उक्त बदमाश लेखपाल दंपती हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा घटना के बाद से फरार चल रहे इस अपराधी पर 50000 का इनाम घोषित किया गया था। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से 32 बोर की कंट्री मेड पिस्टल व कारतूस तथा बाइक बरामद किया है।
गौरतलब है कि तरवां थाना क्षेत्र के पित्थौरपुर गांव में विगत वर्ष 28 नवंबर की रात मऊ जिले में तैनात चकबंदी लेखपाल रामनगीना राम (50) व उनकी पत्नी मंशा देवी (47) की उनके निर्माणाधीन मकान में घुसकर धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस मामले में हुई पुलिसिया छानबीन में मृतक की पुत्रवधू समेत नौ लोग प्रकाश में आए। पुलिस ने इस घटना में शामिल पुत्रवधू ज्योति पत्नी कौशल प्रताप समेत सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। जबकि मृतक की पुत्रवधू का प्रेमी व मुख्य आरोपी पंकज यादव पुत्र रमाकांत यादव निवासी ग्राम कोटियां थाना रानी की सराय एवं बबलू यादव पुत्र रामसकल यादव निवासी ग्राम हरैया थाना क्षेत्र कंधरापुर घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस अधीक्षक ने मुख्य आरोपी पंकज को उसके साथ ही बबलू पर 25-25 हजार का ईनाम घोषित किया था। बदमाशों की गिरफ्तारी न होने की दशा में डीआईजी ने मुख्य आरोपी पंकज यादव की ईनाम राशि बढ़ाकर 50 हजार कर दी थी। इनामी दोनों बदमाश की तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही थी। इसी बीच बुधवार की रात पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना मिली की लेखपाल दंपत्ति हत्याकांड का मुख्य आरोपी ईनामी पंकज यादव बरदह क्षेत्र के बैरी गांव की ओर से बर्रा मोड़ होते हुए तरवां थाना क्षेत्र की ओर जाने वाला है। पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और बैरी गांव की ओर मुड़ने वाली नहर पुलिया पर घेराबंदी कर दी गई। थोड़ी देर बाद बैरी गांव की ओर से आ रहे बाइक सवार को पुलिस ने नजदीक पहुंचने पर रुकने का इशारा किया। पुलिस देख बाइक सवार वाहन मोड़ कर वापस भागना चाहा तभी बाइक असंतुलित होकर गिर पड़ी। इसके बाद बाइक सवार पुलिस पर फायरिंग करते हुए पैदल बैरी गांव की ओर भागने लगा। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की और भाग रहा बदमाश पैर में गोली लगने के कारण गिर पड़ा। रात करीब 10.00 बजे हुई इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल बदमाश को अपनी गिरफ्त में ले लिया उसके कब्जे से .32बोर की कंट्री मेड देसी पिस्टल, चार खोखा व दो जिंदा कारतूस तथा बाइक बरामद की गई। इस मामले में पुलिस को अब पंकज यादव के फरार साथी बबलू यादव की तलाश है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)