कांग्रेस पार्टी महिलाओं के सशक्तिकरण की सदैव पक्षधर रही है- प्रवीण
कांग्रेसियों ने भारत के वीर शहीदों अशफाक उल्ला खां, राम प्रसाद बिस्मिल, रोशन सिंह के बलिदान दिवस पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें किया नमन आजमगढ़। कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में आजमगढ़ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रभारी आजमगढ़ अहमद शमसाद ने महिलाओं के लिये घोषणा पत्र जारी किया। इसमें महिलाओं के लिए प्रमुख रूप से पंद्रह घोषणाये शामिल हैं। सर्वप्रथम कांग्रेसियों ने भारत के वीर शहीदों अशफाक उल्ला खां राम प्रसाद बिस्मिल, रोशन सिंह के बलिदान दिवस पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मीडिया से वार्ता के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कांग्रेस पार्टी महिलाओं के सशक्तिकरण की सदैव पक्षधर रही है। देश की पहली महिला राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी एवं पहली महिला लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार एवं उत्तर प्रदेश की पहली महिला राज्यपाल सरोजनी नायडू एवं उत्तर प्रदेश की पहली महिला मुख्यमंत्री सुचेता कृपलानी कांग्रेस पार्टी ने दिया। जबकि उस समय राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बहुत कम हुआ करती थी । महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में कांग्रेस पार्टी ने अलग से महिलाओं के लिए घोषणा पत्र तैयार किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने पूर्व में ही उत्तर प्रदेश में महिलाओं के लिये चालीस प्रतिशत टिकट की घोषणा की है। इसके अतिरिक्त अठ्ठारह वर्ष के ऊपर की महिलाओं को एक हजार रुपये प्रतिमाह दिये जायेंगे। एक वर्ष में महिलाओं को तीन रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त दिये जायेंगे। सरकारी नौकरियों में महिलाओं की नियुक्तियां की जायेंगी। आशा बहुओं और आँगनबाड़ी कार्यकर्तियों को न्यूनतम दस हजार रूपये मासिक दिये जायेंगे। पुलिस विभाग में महिलाओं को पच्चीस प्रतिशत नौकरी दी जायेगी। सभी थानों में महिला पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की जायेगी। महिलाओं के लिए सुरक्षा के विशेष अधिकार प्राप्त छः सदस्यीय आयोग का गठन किया जायेगा। उत्तर प्रदेश के पच्चीस शहरों में अत्याधुनिक महिला छात्रावास बनाये जायेंगे। महिलाओं की बीमारी हेतु दस लाख रुपये के इलाज की व्यवस्था की जायेगी। राज्य भर में वीरांगनाओं के नाम पर पचहत्तर दक्षता विद्यालय खोले जायेंगे। बारहवीं पास छात्राओं को स्मार्टफोन एवं ग्रेजुएट छात्राओं को स्कूटी दी जायेगी। पुलिस थानों में पच्चीस प्रतिशत महिला इंचार्ज की नियुक्तियां की जायेगी। गांव में महिला चौपाल का निर्माण किया जायेगा। परिवार में पैदा होने वाली हर बेटी की एफडी एवं सावधिक जमा होगी। महिलाओं को सरकारी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा होगी। मनरेगा में महिलाओं को प्राथमिकता दी जायेगी। प्रत्येक जनपद में मुफ्त कानूनी सहायता के लिए तीन सदस्यीय विधिक कमेटी गठित की जायेगी। प्रदेश में नये सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनेंगे जिसमें महिलाओं के लिए अलग से केंद्र होगे। महिलाओं को पचास प्रतिशत रोजगार देने वाले उद्योगों को कर में छूट दी जायेगी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रभारी आजमगढ़ अहमद शमसाद ने कहा महिला सशक्तिकरण की दिशा में आजमगढ़ कांग्रेस ने जनपद की पहली महिला सांसद के रूप में मोहसिना किदवई को आजमगढ़ की जनता के सहयोग से संसद में भेजा था। यह घोषणा पत्र कमरे में नहीं तैयार किया गया है घोषणापत्र तैयार करने में पूरे प्रदेश से महिलाओं सामाजिक कार्यकर्ताओं विशेषज्ञों से सलाह मशविरा के उपरांत महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रख कर घोषणा पत्र तैयार किया गया है। अन्य दलों को भी महिला सशक्तिकरण पर विचार करना चाहिये। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर इस घोषणापत्र को तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव रामअवध यादव, प्रवक्ता ओकार पाण्डेय, मुन्नू यादव, जगदम्बिका चतुर्वेदी, राना खातून, मुन्नू मौर्य, निर्मला भारती, जावेद मंदे, अमर बहादुर यादव, विशाल दुबे, रीता मौर्य, प्रिंस सिंह राजपूत, शंभू शास्त्री आदि लोग उपस्थित रहे।