कार का पीछा कर दबंगों ने सिपाही को मारी तीन गोली

Youth India Times
By -
0

घायल सिपाही को अस्पताल में कराया गया भर्ती
बरेली। यूपी के बरेली जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस विभाग के अधिकारियों तक को उलझाकर रख दिया है। दरअसल चुनावी रंजिश के चलते एक सिपाही को घेरकर दबंगों ने गोली मार दी थी। पैर में गोली लगने से सिपाही बुरी तरह घायल हो गया। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। भमौरा के लंगूरा गांव निवासी सिपाही सुरकेश ने बताया कि वह मौजूदा गांव के प्रधान विरेन्द्र के सहयोगी है। जिससे गांव के एक पूर्व प्रधान समेत उसके साथी रंजिश मानते है। शनिवार को वह अपने शहर स्थित मकान से अपने पैतृक गांव लंगूरा साले वासू शर्मा के साथ कार से जा रहे थे। इसी दौरान उनको आभास हुआ कि उनका कोई पीछा कर रहा है। जिस पर उन्होंने अपनी कार को शहर की ओर मोड़ लिया।
वहीं लंगूरा गांव के पास ही सरदार नगर रोड पर दबंगो ने अपनी कार को उनकी कार के आगे लगा दिया और एक दबंग ने सीधा फायर कर दिया। जिसमें वह बच गया। इसी दौरान दूसरा फायर किया गया। जिसके बाद वह कार से निकल कर जमीन पर लेट गए। फिर तीसरा फायर हुआ, जो उनके दायें पैर में लगा, जिसमें वह घायल हो गये। इसके बाद दबंग जान से मारने की धमकी देते हुये फरार हो गये। इस मामले में सुरकेश का कहना है कि उन्होंने चार आरोपियों को पहचान लिया है। जिसमें एक पूर्व प्रधान, दो सगे भाई, एक उनका साथी व एक अज्ञात शामिल है। सुरकेश को घटना के बाद उनके साले वासू शर्मा ने शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को मामले की सूचना दी। वहीं सुरकेश के पैर से गोली नहीं निकल सकी है और डॉक्टर ने ऑपरेशन बताया है।
घायल सिपाही सुरकेश ने बताया कि आरोपी पूर्व प्रधान पर कई मुकदमे दर्ज है। जिसमें हत्या व रंगदारी के मुकदमे है। वहीं उसकी हिस्ट्रीशीट भी खुली हुई है। जिसने भमौरा पुलिस की मिली भगत से रजिस्टर नंबर आठ से अपना रिकॉर्ड भी गायब करा दिया है। जिसकी शिकायत भी उनके साथियों ने आलाधिकारियों से की थी। भुता एसओ संजीव त्यागी का कहना है कि मामले की जानकारी रात में हुई है। जिसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)