फ्लाइट में हुआ अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी का आमना-सामना

Youth India Times
By -
0

राजनीतिक चर्चा हुई तेज
लखनऊ। यूपी चुनाव की तारीखों के ऐलान होने में भले ही अभी समय हो लेकिन राज्य की सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। एक दूसरे से गठबंधन की बातें भी चल रही हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी की एक फोटो वायरल हो रही है। बताया जा रहा है कि दोनों का दिल्ली से लखनऊ आ रही फ्लाइट में आमना-सामना हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अखिलेश और प्रियंका ने एक दूसरे का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान दोनों के बीच कुछ मिनट बातचीत भी हुई। दोनों ने एक-दूसरे का हालचाल पूछा।
अखिलेश यादव आज ही दिल्ली दौरे पर पहुंचे थे। यहां उन्हें सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद ही अखिलेश लखनऊ वापस लौट रहे थे। कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा भी लखनऊ आ रही थीं। प्रियंका कल बाराबंकी में कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगी। प्रियंका गांधी के एक सहयोगी ने बताया दोनों के बीच सौहार्दपूर्ण बातचीत हुई। उन्होंने स्पष्ट रूप से एक-दूसरे से कहा कि उन्हें जल्द ही मिलना चाहिए। चुनाव में पांच महीने से भी कम समय बचा है और दोनों पार्टियां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भाजपा सरकार को हटाने की कोशिश कर रही हैं। वहीं सपा नेता उदयवीर सिंह ने कहा, श्श्दोनों के बीच किसी भी तरह के गठबंधन की कोई संभावना नहीं है, जैसा कि अखिलेश पहले ही कह चुके है कि हम किसी भी राष्ट्रीय पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करने जा रहे हैं, बल्कि केवल छोटे दलों के साथ गठजोड़ करेंगे। जो हमें रणनीतिक रूप से भाजपा सरकार को गिराने में मदद कर सकता है।
बता दें कि 2017 में कांग्रेस और सपा ने एक साथ चुनाव लड़ा था। दोनों पार्टियां यूपी को ये साथ पसंद है अभियान में एक साथ आईं थी लेकिन दोनों पार्टियां अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाईं थीं। भाजपा ने 403 की विधानसभा में 312 सीटों पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस को इस चुनाव में सिर्फ सात सीटों पर ही जीत मिली थी, जबकि सपा के 49 विधायक चुने गए थे। इसके बाद दोनों दलों का गठबंधन टूट गया था। इस बार अखिलेश कह चुके हैं कि वह किसी भी बड़े दल से गठबंधन नहीं करेंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि हमने सारे प्रयोग कर लिए हैं, लेकिन इस बार सिर्फ छोटे दलों से गठबंधन किया जाएगा। लेकिन आज की फोटो वायरल होने के बाद एक बार फिर से कयास लगाने जाने लगे हैं कि क्या दोनों दलों के बीच गठबंधन होगा?

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)