आजमगढ़: बसपा और कांग्रेस छोड़ थामा समाजवादी पार्टी का दामन

Youth India Times
By -
0

आजमगढ़/लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति से प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस छोड़कर आए और निर्दलीय नेताओं को समाजवादी पार्टी में शामिल करा लिया। इन नेताओं में आजमगढ़ के अनिल कुमार वर्मा एडवोकेट और चंदौली के साहिब सिंह मौर्य (सदस्य जिला पंचायत) हैं। जबकि फतेहपुर के पूर्व प्रत्याशी कांग्रेस राजेन्द्र सिंह लोधी ने सपा की सदस्यता ली है। आजमगढ़ के अशोक यादव एडवोकेट एवं गीता देवी पत्नी महेन्द्र राम तथा राम मनोहर यादव जिला पंचायत सदस्य चंदौली ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली है। भारतीय समाज रक्षक मोर्चा औरैया भी के मुकेश कोरी भी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सामाजिक न्याय के विरूद्ध षडयंत्र कर रही है। जिनका हक है उनको वंचित किया जा रहा है। भाजपा कभी निष्पक्ष ढंग से काम नहीं कर सकती है। वह किसी को हक और सम्मान नहीं देना चाहती है। वह लोगों को प्रताड़ित करती है। अखिलेश ने यह बात पार्टी मुख्यालय में आए शिक्षक अभ्यर्थियों के समूह से मुलाकात में कही। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी शिक्षकों की समस्या के समाधान के बजाय भाजपा सरकार उन्हें डराने-धमकाने का काम कर रही है। उसका यह कृत्य अलोकतांत्रिक और अन्यायपूर्ण है। इन आंदोलनरत शिक्षक अभ्यर्थियों ने उन्हें शिक्षक भर्ती की जारी चयन सूची में अनियमितता की वजह से अन्य पिछड़े वर्ग के लगभग 15 हजार अभ्यर्थियों के चयन प्रक्रिया से बाहर होने के संबंध में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि 22 मई 2021 से अभी तक वे धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। शासन-प्रशासन कोई सुनवाई नहीं कर रहा है। अपने हक की आवाज उठाने पर उन पर लाठियां बरसाई गई।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)