आजमगढ़: पुरानी रंजिश में अधेड़ को मारी गोली, हालत गंभीर

Youth India Times
By -
0

घायल मुसाफिर सिंह के खिलाफ दर्ज हैं कई मुकदमे, भतीजा संतोष है हिस्टीशीटर अपराधी
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के तिलहुआ गांव में शनिवार की रात को सोते समय अधेड़ को गोली मारने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल अधेड़ का वाराणसी के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना का कारण पूर्व से चली आ रही रंजिश को बताया जा रहा है। 
जानकारी के अनुसार निजामाबाद थाना क्षेत्र के तिलहुआ गांव निवासी 55 वर्षीय मुसाफिर सिंह पुत्र राजदेव सिंह शनिवार की रात भोजन कर घर के बाहर सो रहे थे। आधी रात में बदमाशों द्वारा उन्हें गोली मार दी गई। गोली मारने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गये। गोली सीने के नीचे लगने से मुसाफिर गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर परिवार के लोगों के साथ गांव के लोग मौके पर आ गए। परिजनों द्वारा उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने रेफर कर दिया। परिजन उनको लेकर वाराणसी के एक अस्पताल में भर्ती कराये। इस घटना के संबंध में घायल मुसाफिर के भतीजा अशोक सिंह की पत्नी आरती ने देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लहुआ गांव निवासी दीपक पुत्र विजयी व कुछ अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बता दें कि घायल की पत्नी व बच्चे नहीं हैं। वह अपने भतीजों के साथ रहते हैं। 
निजामाबाद इंस्पेक्टर शिव शंकर सिंह के मुताबिक गोली से घायल मुसाफिर सिंह अपराधी किस्म का है। मुसाफिर सिंह के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। उनका एक भतीजा संतोष हिस्टीशीटर अपराधी है। लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व दीपक, संतोष की पत्नी को लेकर भाग गया था। इस संबंध में मुसाफिर ने दीपक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। वर्ष 2019 में मुसाफिर के एक अन्य भतीजा विनोद की हत्या हो गई थी। विनोद की हत्या में भी मुसाफिर ने दीपक को नामजद अभियुक्त बनाया था। फिलहाल पुलिस दीपक की तलाश कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)