अजीत सिंह हत्याकांड: पूर्व सांसद धनंजय सिंह फरार

Youth India Times
By -
0

भगोड़ा घोषित कर पुलिस कर सकती है संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई

लखनऊ। अजीत सिंह की हत्याकाण्ड में पुलिस ने पूर्व सांसद व बाहुबली धनंजय सिंह के वारदात में शामिल होने का खुलासा किया। पुलिस ने पहले उन्हें दबोचने की कोशिश की लेकिन असफल होने के बाद शनिवार को गैरजमानती वारंट जारी कराया। अगर पूर्व सांसद की गिरफ्तारी नहीं हो पाती है तो पुलिस भगोड़ा घोषित कर उनकी संपत्ति भी कुर्क कर सकती है।
कठौता चैराहे पर हुए गैंगवार में अजीत सिंह की हत्या 6 जनवरी को की गई थी। दूसरे दिन ही अजीत की पत्नी रानू सिंह ने मऊ में जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह, आजमगढ़ के माफिया कुंटू सिंह उर्फ ध्रुव सिंह, अखंड सिंह व गिरधारी विश्वकर्मा उर्फ डॉक्टर के खिलाफ लिखित तहरीर दी थी। मऊ पुलिस ने लखनऊ में वारदात होने केकारण उसे संबंधित थाने में देने की बात कहकर वापस भेज दिया। वहीं विभूतिखंड में अजीत के करीबी मोहर सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। रानू की तहरीर बाद में मिली। ऐसे में मुकदमा दर्ज करने से इनकार कर दिया गया। पुलिस ने रानू का बयान दर्ज कराया जिसमें उसने खुलेआम पूर्व सांसद धनंजय सिंह, अखंड सिंह, ध्रुव उर्फ कुंटू सिंह, गिरधारी उर्फ डॉक्टर का नाम लिया था। पुलिस ने उसके लिखित बयान को अपनी कार्रवाई में शामिल कर लिया। इसके बाद पूर्व सांसद के खिलाफ साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए।
प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह के मुताबिक, गैंगवार में एक शूटर के घायल होने की जानकारी हुई तो पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। पता चला कि उसका इलाज सुल्तानपुर के एक निजी अस्पताल में किया गया। पुलिस वहां पहुंची, अस्पताल के मालिक व चिकित्सक डॉ. एके सिंह की तलाश शुरू की। जब वह नहीं मिले तो पुलिस ने सफीना नोटिस जारी किया। नोटिस जारी होने के बाद डॉ. एके सिंह विभूतिखंड थाने पहुंचे। वहां उन्होंने अपना बयान दर्ज कराया जिसमें कहा कि पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने ही उनको कॉल कर घायल शूटर का इलाज करने को कहा था। उसे अपने करीबी विपुल सिंह के साथ अस्पताल भेजा था जहां उनके जूनियर डॉक्टर ने इलाज किया।
उन्हें बताया गया था कि घायल को पेट में सरिया लगी है। जूनियर डॉक्टर ने भी यही बात डॉ. एके सिंह को बताई थी। शरीर में गोली नहीं मिली थी जिससे पुष्टि नहीं हो सकी। पुलिस ने उनके खिलाफ धारा 176 की कार्रवाई की। उन्हें थाने से पांच लाख के निजी मुचलके पर थाने से छोड़ा गया था। डॉ. एके सिंह के बयान के बाद पुलिस को पूर्व सांसद के खिलाफ और सबूत मिले जिसके आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। पुलिस ने नोटिस जारी किया था लेकिन पूर्व सांसद ने अपना बयान नहीं दर्ज कराया।
पुलिस के मुताबिक, कस्टडी रिमांड में संदीप बाबा ने कुंटू सिंह, अखंड सिंह और धनंजय सिंह का नाम लिया था। वहीं उसने शूटरों केइंतजाम के लिए गिरधारी का नाम बताया था। पुलिस ने 13 फरवरी को गिरधारी को तीन दिन के कस्टडी रिमांड में लिया था। 13 व 14 फरवरी को उसने अपना बयान दर्ज कराया जिसमें पूर्व सांसद के इशारे पर अजीत की हत्या करने की बात कही। उसने बताया कि सांसद ने ही शूटरों के रहने का ठिकाना तय किया था। उनके रहने व खाने का खर्च भी वही उठाते थे। खर्च की रकम अंकुर के खाते में जमा की जाती थी जिसे जरूरत के मुताबिक गिरधारी के इशारे पर खर्च किया जाता था। शूटरों के घूमने का भी इंतजाम धनंजय सिंह ने ही किया था। पुलिस के मुताबिक, असलहों के इंतजाम में भी धनंजय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। धनंजय खुद न सामने आकर वह अपने करीबी विपुल सिंह के जरिए सारे इंतजाम करता था।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)