सावधान! ठंड को लेकर मौसम विभाग की भविष्यवाणी

Youth India Times
By -
0
जानिए कब तक जारी रहेगा गलन और शीतलहर का प्रकोप

लखनऊ। सर्द पछुवा हवा से उत्तर प्रदेश कंपकंपा रहा है। दिन में धूप नहीं निकल रही और रात में पारा नीचे जा रहा है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में एक दो स्थानों पर शीतलहर चलने की आशंका जताई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि कानपुर और आगरा में गुरुवार की रात इस सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। अगर यही क्रम आगे भी जारी रहा तो फिर राज्य में शीतलहरी का प्रकोप शुरू हो जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश में कड़ाके की ठण्ड से राहत के आसार कम ही हैं। गुरुवार की रात कानपुर प्रदेश भर में सबसे ठंडा रहा, यहां रात का तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगरा में रात का तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञानी के अनुसार रात का तापमान अगर चार डिग्री से नीचे रहता है तो फिर शीतलहरी के आसार बन जाते हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र से मिली जानकारी के अनुसार इससे पहले पिछले साल वर्ष 2023 में 7 जनवरी और 17 जनवरी को कानपुर नगर का रात का तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज हो चुका है। वर्ष 2022 में भी 18 जनवरी को वहां का रात का तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर बहुत घना कोहरा छाया रहा। पूर्वी अंचल में कहीं-कहीं कोल्ड डे का प्रकोप रहा, धूप नहीं निकली। पश्चिमी यूपी में भी कुछ स्थानों पर ऐसा ही मौसम रहा। कानपुर, लखनऊ, मुरादाबाद मण्डलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी कम रहा। अयोध्या, बरेली, मेरठ मण्डलों में यह सामान्य से कम, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और आगरा मण्डलों में यह सामान्य से कम रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उच्च हिमालयी इलाकों से हो कर आ रही पछुआ हवा तेज है जिसकी वजह से मैदानी इलाकों में गलन बनी हुई है। अगले तीन दिन तक इससे राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रदेश से गुजर जाने के बाद पछुआ में तेजी आई। इसकी वजह से दिन में भी गलन महसूस हो रही है। पछुआ हवा और ऊंचाई पर बनी हुई कोहरे की हल्की परत धूप की गर्माहट पूरी तरह धरती तक नहीं पहुंचने दे रही है। कोहरे और गलन ने शहर को जकड़ लिया है। बीती गुरुवार-शुक्रवार की रात सीजन में दूसरी बार सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 1.1 डिग्री कम था। इसके पूर्व बुधवार को 6.5 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन सुबह-शाम घने कोहरे का अर्लट जारी किया है। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार गलन अभी जारी रहेगी। रात के तापमान में गिरावट हो सकती है। शुक्रवार को सुबह कोहरा इतना घना था कि 10 मीटर दूर भी साफ दिखाई नहीं पड़ रहा था। गलन इतनी कि बिना दस्ताने दोपहिया पर निकलना मुश्किल था। सुबह आठ बजे प्रमुख मार्गों पर दृश्यता अत्यधिक कम हो जाने की वजह से वाहन चालक लाइटें जला कर चलते दिखे। दिन में 11 बजे से आसमान से कोहरा थोड़ा छंटा लेकिन गलन बरकरार रही। ऐसे में तापमान धूप निकलने के बावजूद भी ज्यादा ऊपर नहीं जा पाया। अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केन्द्र के अनुसार शनिवार को सुबह घना कोहरा रहेगा, हालांकि कुछ समय बाद छंट जाएगा। कानपुर में शीतलहर का प्रकोप बना हुआ है। शनिवार रात फिर सीजन की सबसे सर्द रात रही। तापमान लगातार दूसरे दिन न्यूनतम पारा 3.0 डिग्री सेल्सियस रहा। गुरुवार से शुरू हुई सीवियर कोल्ड वेव लगातार जारी है। सुबह की शुरुआत घने कोहरे से हुई। दोपहर के समय तक घना कोहरा हो गया। यह पहला दिन है जब दोपहर के समय इतना घना कोहरा रहा। न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री से घट कर 3.0 डिग्री पर स्थिर सा हो गया है। शुक्रवार को दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो गई थी लेकिन शनिवार को अधिकतम तापमान गिरने की संभावना है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉक्टर एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। अभी राहत मिलने के आसार नहीं है।
सावधान! इन बातों का रखें ध्यान?
-बहुत जरूरी हो तभी कोहरे में सड़क मार्ग से दूर की यात्रा करें
-फॉग लाइट व जलने-बुझने वाली डी-फॉगर का इस्तेमाल करें ड्ट
-वाइपर चालू रखें, विंड स्क्रीन, खिड़की के शीशे साफ करते रहें
-वाहन मोड़ने से पहले 10 सेकेंड इंडीकेटर का इस्तेमाल करें
-धीमी गति में वाहन चलाएं, सड़क पर अपनी लेन से न भटके
-हेडलाइट को लो-बीम पर जलाएं, वाहनों से दूरी बनाकर चले
-शून्य दृश्यता में पैटेड लेन मार्किंग के सहारे धीरे-धीरे आगे बढ़ें
-व्यावसायिक वाहनों पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप अवश्य लगाए जाएं

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)