आजमगढ़ : तेज आवाज में डीजे बजाने पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो पिकअप सीज

Youth India Times
By -
0

प्रतिमा विसर्जन के दौरान आयोजित की जा रही थी डीजे प्रतियोगिता, 32 बड़े साउंड बॉक्स समेत भारी मात्रा में उपकरण जब्त
आजमगढ़। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मानकों के विपरीत तेज आवाज में डीजे बजाना और डीजे प्रतियोगिता आयोजित करना आयोजकों एवं संचालकों को भारी पड़ गया। थाना निजामाबाद पुलिस ने मामले में आयोजकों और डीजे संचालकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए दो पिकअप वाहनों को सीज कर दिया। पुलिस ने डीजे के भारी-भरकम उपकरण भी जब्त किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में ध्वनि प्रदूषण और निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को ग्राम रघुनाथपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्षों, सदस्यों और डीजे संचालकों द्वारा पिकअप वाहनों पर निर्धारित मानकों से अधिक क्षमता वाले डीजे साउंड सिस्टम लगाए गए थे। इस दौरान तेज आवाज में डीजे प्रतियोगिता आयोजित की जा रही थी। देर रात तक तेज ध्वनि में डीजे बजने से आम लोगों के साथ बच्चों, बीमार और बुजुर्गों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
आरोप है कि पुलिस द्वारा डीजे की आवाज कम करने की हिदायत दिए जाने के बावजूद संचालकों ने आवाज कम नहीं की। इसके बाद पुलिस ने दो पिकअप वाहनों को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया, जबकि अन्य वाहनों का ई-चालान किया गया।
इस मामले में 3 नवंबर को उपनिरीक्षक गोपाल प्रसाद मौर्य की तहरीर पर थाना निजामाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 278/2026 के तहत बीएनएस की धारा 289, 292, 293, ध्वनि प्रदूषण (नियमन एवं नियंत्रण) नियमावली-2000 की धारा 4/6 तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम-1986 की धारा 15(1) में अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन एम्पलीफायर, 32 बड़े साउंड बॉक्स, 14 स्पीकर, तीन माइक, 17 मशीन, 14 लेजर लाइट, दो मिक्सर, एक इक्वालाइजर, तीन एसआरपी लाइट, तीन स्टेबलाइजर, नौ बोर्ड, एक तख्त, दो मेज और तीन स्टैंड फैन सहित डीजे के अन्य उपकरण जब्त किए। इसके साथ ही पिकअप संख्या UP50 FT 2193 और UP50 T 0622 को सीज किया गया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गोपाल प्रसाद मौर्य, कमला प्रसाद, विनोद कुमार यादव, वंशराज दूबे, परमानन्द सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार शर्मा तथा कांस्टेबल सुजित कुमार मौर्य और कृष्ण चन्द्र शामिल रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)