आजमगढ़ : पुलिस लाइन में एडीजी नवीन अरोड़ा ने परेड का किया निरीक्षण, उत्कृष्ट पुलिसकर्मी सम्मानित

Youth India Times
By -
0

सैनिक सम्मेलन में पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं, क्रिकेट प्रैक्टिस नेट और चार हाईमास्ट लाइटों का किया उद्घाटन

आजमगढ़। जनपद में चल रहे वार्षिक निरीक्षण-2026 के दूसरे दिन मंगलवार को अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा ने पुलिस लाइन आजमगढ़ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी लेने के बाद कुल नौ टोलियों का निरीक्षण किया। परेड में शामिल पुलिसकर्मियों के टर्नआउट, अनुशासन और साज-सज्जा का जायजा लिया। साथ ही बैंड पार्टी एवं डॉग स्क्वायड का भी निरीक्षण किया। उत्कृष्ट टर्नआउट और बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सहित अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा जौनपुर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही जनपदों से आए आईपीएस अधिकारी भी निरीक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के अंतर्गत रिजर्व पुलिस लाइन ग्राउंड में स्थापित क्रिकेट प्रैक्टिस नेट और प्रकाश व्यवस्था के लिए लगाई गई चार हाईमास्ट लाइटों का उद्घाटन किया। इन सुविधाओं से पुलिसकर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों को खेल गतिविधियों में सहूलियत मिलेगी।
इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन परिसर की विभिन्न शाखाओं और सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस क्रम में डॉग स्क्वायड, डायल-112 के वाहन एवं उनमें उपलब्ध उपकरण, मेस, आरक्षी बैरक, जूडो-कराटे प्रशिक्षण स्थल, जिम, क्रेच नन्ह सितार और क्वार्टर गार्ड का जायजा लिया। एमटी शाखा में वाहनों की उपलब्धता और उनके रखरखाव की स्थिति भी देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पुलिस लाइन की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखने, संसाधनों का उचित रखरखाव करने और पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण कार्यक्रम के बाद पुलिस लाइन में सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें एडीजी ने पुलिसकर्मियों से उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं की जानकारी ली। पुलिसकर्मियों ने वेतन संबंधी विसंगतियों सहित अन्य समस्याओं को उनके समक्ष रखा। एडीजी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा आमजन के प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)