कांग्रेस का रॉकेट ही नहीं, लॉन्चिंग पैड भी खराब: नितिन नवीन

Youth India Times
By -
0

गोरखपुर में भाजपा की पदयात्रा के दौरान राहुल गांधी और सपा पर साधा निशाना, रमाकांत मिश्र बोले- 2027 में फिर बनेगी भाजपा की भारी बहुमत की सरकार
गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गोरखपुर में आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा' के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को बार-बार लॉन्च करने से यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस का रॉकेट ही नहीं, बल्कि उसका लॉन्चिंग पैड भी खराब है।
एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर विपक्ष पर हमला बोलते हुए नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन को देश की 140 करोड़ जनता से ज्यादा उन तीन करोड़ घुसपैठियों की चिंता है, जिन्हें एसआईआर प्रक्रिया में बाहर किया गया है। विपक्ष को देश की जनता पर भरोसा नहीं है, जबकि भाजपा ने अपने कार्यों के दम पर जनता का विश्वास हासिल किया है। इसी विश्वास के आधार पर पार्टी वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव भी जीतेगी।
उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूरी तरह साफ हो जाएगी। नितिन नवीन ने कांग्रेस और सपा के नेताओं पर चुनाव में हार का आत्ममंथन करने के बजाय ईवीएम को दोष देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने ईवीएम को लेकर विपक्ष को खुली चुनौती दी थी, लेकिन विपक्षी नेता इस चुनौती को स्वीकार करने के बजाय मैदान छोड़कर भाग गए।
कार्यक्रम में भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बड़े काफिले के साथ पदयात्रा में पहुंचे गोरखपुर क्षेत्र के श्रम प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक एवं शिब्ली नेशनल कॉलेज, आजमगढ़ के पूर्व अध्यक्ष रमाकांत मिश्र ने भी भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक बार फिर भारी बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी।
गोरखपुर क्षेत्र के श्रम प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक रमाकांत मिश्र ने कहा कि प्रदेश की जनता का विश्वास भाजपा के साथ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास, सुशासन और सुरक्षा के नए आयाम स्थापित कर रहा है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)