आजमगढ़ : बाइक पर मिला प्रॉपर्टी डीलर का खून से लथपथ शव

Youth India Times
By -
0
भूमि विवाद में लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बिजरवा गांव के पास आजमगढ़-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर मंगलवार की रात बाइक पर एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिजरवा गांव निवासी 35 वर्षीय मुकेश यादव के रूप में हुई है। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। परिजनों ने भूमि विवाद को लेकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक के भाई अरविंद यादव के अनुसार, गांव के कुछ लोगों से परिवार का काफी समय से भूमि विवाद चल रहा था। इस मामले के निस्तारण के लिए मुकेश ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर आॅनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई थी। मंगलवार की रात अरविंद अपने भाई मुकेश और शैलेश के साथ बिजरवा स्थित पुराने मकान पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। कुछ देर बाद मुकेश बाइक से नए मकान के लिए निकले। आरोप है कि बिजरवा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास पहुंचते ही विपक्षियों ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले के दौरान मुकेश ने शोर मचाया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। राहगीरों से घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल मुकेश को आनन-फानन जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के भाई ने हत्या में शामिल लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मुबारकपुर थानाध्यक्ष शशिचंद चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में मिले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)