राम-रावण युद्ध का आयोजन नहीं होने से मायूस रहे मेलार्थी, झूले, खजला और चोटहिया जलेबी बने आकर्षण का केंद्र
रिपोर्ट : हर्ष चन्देल
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर तहसील क्षेत्र के अंबारी में सोमवार को ऐतिहासिक मेले का आयोजन किया गया। मेले में क्षेत्र के दर्जनों गांवों से हजारों की संख्या में मेलार्थी पहुंचे और जमकर खरीदारी की। हालांकि, इस बार भी राम-रावण युद्ध का आयोजन नहीं होने से लोगों को निराशा हाथ लगी। पिछले कई वर्षों से अंबारी में रामलीला का आयोजन बंद होने के कारण मेले में राम-रावण युद्ध का पारंपरिक कार्यक्रम भी नहीं हो पा रहा है।
अंबारी का ऐतिहासिक मेला दीदारगंज रोड, शाहगंज रोड, फूलपुर रोड और माहुल रोड के किनारे लगाया गया। हर वर्ष की तरह इस बार भी माहुल रोड पर मेले में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। अंबारी, कुशहा, सरैया, खैरुद्दीनपुर, मक्खापुर, इब्राहिमपुर, आलमपुर, आंधीपुर, बसही, करौजा, भटपुरवा, हाजीपुर, बेलसिया, मकसुदिया, उफरी, भीखपुर, ससना, जमालपुर, पिपरी, फदगुदिया और भेड़िया समेत दर्जनों गांवों के लोग मेला देखने पहुंचे।
मेले में दो दिन पहले से ही खजला सहित विभिन्न प्रकार की दुकानें सज गई थीं। सोमवार को सुबह से ही महिलाओं और पुरुषों की भीड़ खरीदारी के लिए पहुंचने लगी। बच्चों और युवाओं के लिए झूले मुख्य आकर्षण रहे। बच्चों ने गुब्बारे, पिपिहिरी और विभिन्न प्रकार के खिलौनों की खरीदारी की, जबकि महिलाओं ने घरेलू जरूरतों और दैनिक उपयोग की वस्तुएं खरीदीं।
मेले में चोटहिया जलेबी और खजला लोगों के विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। शाम ढलने के साथ ही मेले में भीड़ बढ़ती चली गई। लोगों ने चटपटे व्यंजनों और मिठाइयों का खूब आनंद लिया। साउथ इंडियन फूड की दुकानों पर युवाओं और युवतियों की भीड़ नजर आई। वहीं राकेश जायसवाल की मशहूर चाट, चाऊमीन और बर्गर की दुकान पर महिलाओं और बच्चों की अच्छी-खासी भीड़ रही। बांकेलाल यादव, रमेश जायसवाल, मिठाई लाल, मनोज जायसवाल और शुभम यादव की मिठाई की दुकानों पर भी दिनभर खरीदारी होती रही।
मेले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए फूलपुर कोतवाल देवेंद्र प्रताप सिंह और अंबारी पुलिस चौकी प्रभारी सत्येंद्र कुमार पुलिस बल के साथ लगातार भ्रमण करते रहे। छुटपुट घटनाओं को छोड़कर मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। मेला सकुशल संपन्न होने पर आयोजकों और क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली। इस अवसर पर प्रधान अमित जायसवाल, जिगर गुप्ता, अंकुर यादव, राशिद खान, रत्तीलाल अग्रहरि सहित अन्य लोगों ने मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।

