आजमगढ़ : शिक्षकों की मांगें पूरी नहीं हुईं तो चुनाव में दिखाएंगे ताकत: डॉ. दिनेश कुमार सिंह

Youth India Times
By -
0

फुपुक्टा के आह्वान पर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ ने डीएम को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम 31 सूत्रीय ज्ञापन, मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक संघ (फुपुक्टा) के आह्वान पर उच्च शिक्षा के शिक्षकों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के नेतृत्व में शिक्षकों ने जिलाधिकारी आजमगढ़ के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित 31 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इससे पूर्व दो नवंबर से शिक्षक काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करते हुए विरोध जता रहे हैं। इस दौरान शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि डिग्री कॉलेजों के शिक्षकों की पुरानी पेंशन बहाली, सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष करने, पीएचडी इंक्रीमेंट, पारिश्रमिक दरों में वृद्धि तथा अनुदानित महाविद्यालयों के स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों को अनुदान के दायरे में लाने जैसी जायज मांगें वर्षों से लंबित हैं। नई शिक्षा नीति के तहत सेमेस्टर प्रणाली जारी रखते हुए मुख्य परीक्षा वर्ष में केवल एक बार आयोजित कराने सहित अन्य मांगों पर भी सरकार ने अब तक निर्णय नहीं लिया है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शिक्षकों की मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और तेज किया जाएगा। शिक्षक आगामी चुनावों में अपनी ताकत का एहसास कराएंगे। उन्होंने कहा, "शिक्षक बटन दबाएगा, खिला कमल मुरझायेगा।"

महामंत्री डॉ. जर्रार अहमद ने कहा कि शिक्षकों की सभी मांगें जायज हैं और सरकार को इन्हें सामान्य प्रक्रिया के तहत पूरा करना चाहिए। यदि शिक्षक समुदाय को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा तो इसके गंभीर राजनीतिक परिणाम हो सकते हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेन्द्र यादव ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होता है। शिक्षकों की उपेक्षा वास्तव में राष्ट्र की उपेक्षा है। इसलिए सरकार को उनकी समस्याओं के प्रति गंभीरता दिखाते हुए मांगों को पूरा करना चाहिए। संयुक्त मंत्री डॉ. अजय सोनकर ने कहा कि शिक्षक समाज की रचनात्मक शक्तियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यदि उनकी मांगों की अनदेखी की जाती है तो इसका असर समाज की रचनात्मक क्षमता पर भी पड़ेगा। महिला संयुक्त मंत्री डॉ. रूबी अहमद ने कहा कि शासन का दायित्व समाज के सभी घटकों के बीच समन्वय स्थापित करना है। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने वाले शिक्षकों की मांगें बिना शर्त पूरी की जानी चाहिए। कार्यालय मंत्री गौरव कुमार सिंह ने कहा कि सरकार को शिक्षकों को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर नहीं करना चाहिए, बल्कि उनकी जायज मांगों को स्वीकार कर समाधान निकालना चाहिए। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक संघों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)