गायत्री मोड़ के समीप हुआ हादसा, चार भाइयों में सबसे छोटा था अलिम
रिपोर्ट : अबुल कैश
आजमगढ़। जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लहुवा स्थित गायत्री मोड़ के पास सोमवार की शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बैरीडीह गांव निवासी अलिम (20) पुत्र फैय्याज अहमद लालगंज स्थित आरजू क्लाथ स्टोर पर अपने पिता के साथ काम में हाथ बंटाता था। सोमवार की शाम करीब 5:30 बजे वह दुकान से बाइक लेकर पल्हना की ओर जा रहा था। इसी दौरान लहुवा के गायत्री मोड़ के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अलिम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था और अभी उसकी शादी भी नहीं हुई थी। हादसे के बाद बैरीडीह गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

