वासदेई मेमोरियल हॉस्पिटल की ओर से आयोजित शिविर में बच्चों को बांटी गईं मुफ्त दवाइयां, स्कूल आईडी कार्ड पर अस्पताल में भी मिलेगा निःशुल्क परामर्श और उपचार
आजमगढ़। नगर के सिविल लाइंस स्थित वासदेई मेमोरियल हॉस्पिटल की ओर से श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कक्षा एक से आठ तक के कुल 302 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही जरूरतमंद बच्चों को मौके पर ही निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर में जिले के जाने-माने नवजात, शिशु एवं किशोर रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकुर अग्रवाल तथा सर्जन डॉ. नेहा गुप्ता ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान डॉ. अंकुर अग्रवाल ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण बच्चों में सर्दी, खांसी और बुखार जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने बच्चों एवं अभिभावकों को बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ठंड से बचाव के लिए बच्चों को पूरे शरीर को ढकने वाले गर्म कपड़े पहनने चाहिए तथा स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहना चाहिए। इस अवसर पर चिकित्सकों ने एक विशेष पहल की घोषणा करते हुए बताया कि श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज का कोई भी विद्यार्थी अपना स्कूल पहचान पत्र लेकर वासदेई मेमोरियल हॉस्पिटल पहुंचता है तो उसे चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. प्रियंका सोनी एवं रोटरी क्लब अध्यक्ष श्रेय अग्रवाल ने इस आयोजन के लिए वासदेई मेमोरियल हॉस्पिटल की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ने वाले अधिकांश बच्चे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। ऐसे में चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, दवाइयां और अस्पताल में विशेष सुविधा उपलब्ध कराने की पहल समाज के लिए सराहनीय है। शिविर को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकगण, चिकित्सकों एवं सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर ओम प्रकाश अग्रवाल लड्डू, श्याम प्रकाश अग्रवाल, अमृत अग्रवाल, सुदेश सिंह, राजीव श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

