कलाकारों ने किया सजीव मंचन, कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने किया मेले का शुभारंभ; देर रात तक बही गीत-संगीत की सरिता
आजमगढ़। सठियांव विकास खंड के समेदा गांव में आयोजित मेला महोत्सव में राम वनगमन की झांकी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। वाराणसी और अयोध्या से आए कलाकारों ने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के वनगमन के साथ राजा दशरथ और श्रीराम के बीच वियोग के प्रसंग का भावपूर्ण मंचन किया। कलाकारों की सजीव प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। पिता-पुत्र के बिछोह का मार्मिक दृश्य देखकर कई लोगों की आंखें नम हो गईं। गांव के पंचायत भवन स्थित विशाल मैदान में आयोजित मेला महोत्सव का शुभारंभ महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने नि:शुल्क नेत्र शिविर का भी उद्घाटन किया। महोत्सव में समेदा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। दिन में शुरू हुआ कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा। राम वनगमन के मंचन में कलाकारों ने भगवान श्रीराम के त्याग, माता सीता और लक्ष्मण के समर्पण तथा राजा दशरथ की पुत्र-वियोग की पीड़ा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। अयोध्या से वनवास के लिए प्रस्थान करते श्रीराम के प्रसंग ने दर्शकों को भावुक कर दिया। वहीं, पुत्र के वियोग में व्याकुल राजा दशरथ की भूमिका ने लोगों के मन पर गहरी छाप छोड़ी। कलाकारों ने रामायण के प्रसंगों के माध्यम से मयार्दा, त्याग और वचनपालन का संदेश दिया। ह्यरघुकुल रीति सदा चली आई, प्राण जाए पर वचन न जाईह्ण के आदर्श को मंच पर साकार होते देख दर्शक भावविभोर हो उठे। धार्मिक प्रसंगों के साथ कलाकारों की भाव-भंगिमाओं और संवादों ने प्रस्तुति को प्रभावशाली बना दिया। महोत्सव में मनन पांडेय की टीम की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। गायक उमेश दास, प्रज्ञा मिश्रा, दुर्गेश सिंह, तुषार सिंह और रवि पांडेय सहित अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत किए। गीत-संगीत की प्रस्तुतियों पर दर्शक देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे। धार्मिक मंचन के बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने महोत्सव में उत्साह का माहौल बनाए रखा। बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की। मेला महोत्सव का समापन पूर्व सांसद अतुल राय के संबोधन के साथ हुआ। आयोजक शशि प्रकाश सिंह उर्फ मुन्ना ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों, कलाकारों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर प्रोबेशन अधिकारी सुबोध सिंह, समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह, देवनाथ सिंह, आशीष सिंह, प्रदीप मद्धेशिया, संतोष सिंह, वर्षम प्रताप सिंह, अब्दुल्लाह शेख, नोमान शेख, भूपेंद्र पांडेय और बदरे आलम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
