आज़मगढ़ : कॉलेज की छत से गिरकर परिचारक की मौत

Youth India Times
By -
0

15 वर्षों से विद्यालय में कार्यरत थे धर्मेंद्र कुमार सिंह; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

आजमगढ़। जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लहुआ कला स्थित एसबी इंटर कॉलेज में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में विद्यालय के परिचारक की मौत हो गई। छत की साफ-सफाई करते समय अचानक पैर फिसलने से वह नीचे सड़क पर गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान जौनपुर जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र के प्रेमराजपुर शेरवा गांव निवासी 47 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह पिछले 15 वर्षों से एसबी इंटर कॉलेज, लहुआ कला में परिचारक के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर धर्मेंद्र कुमार सिंह विद्यालय की छत पर साफ-सफाई करने गए थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गेट के पास से नीचे सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय के कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, लालगंज पहुंचाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर देवगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आजमगढ़ भेज दिया। पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। धर्मेंद्र कुमार सिंह अपने पीछे दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी ज्योति सिंह और मां चमेली देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। लंबे समय से विद्यालय में सेवा दे रहे धर्मेंद्र की असामयिक मौत से परिजनों और परिचितों में शोक व्याप्त है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)