आजमगढ़ : छह माह में ही दम तोड़ने लगीं हाईमास्ट लाइटें, करोड़ों खर्च पर उठे सवाल

Youth India Times
By -
0

कई स्थानों पर दस में चार-पांच बल्ब ही जल रहे, कहीं पूरी लाइट बंद; अधिकारियों के परिसरों में भी खराबी

रिपोर्ट : हर्ष चन्देल
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर तहसील और ब्लाक क्षेत्र में सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य निधि सहित क्षेत्र पंचायत निधि से करोड़ों रुपये खर्च कर लगाई गईं हाईमास्ट लाइटें छह माह के भीतर ही खराब होने लगी हैं। कहीं दस में चार-पांच बल्ब ही जल रहे हैं तो कहीं सभी बल्ब बुझ चुके हैं। ऐसे में चट्टी-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर रोशनी के लिए लगाई गईं हाईमास्ट लाइटें महज शोपीस बनकर रह गई हैं। इससे सरकारी धन के उपयोग और लाइटों के रखरखाव पर सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्र के गांवों, चट्टी-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर हाईमास्ट लाइटें लगवाने की होड़ मची हुई है। ग्रामीणों के साथ ग्राम प्रधान और विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी अपने-अपने क्षेत्रों में लाइट लगवाने के लिए जनप्रतिनिधियों से संपर्क करते हैं। इसके बाद चिन्हित स्थानों पर कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित फर्मों के माध्यम से लाइटें लगाई जाती हैं। हालांकि, इन्हें लगाने के बाद नियमित निगरानी और रखरखाव की व्यवस्था प्रभावी नहीं दिख रही है। ग्रामीणों के अनुसार, कई स्थानों पर लाइटें लगने के कुछ ही महीनों बाद बल्ब खराब होने लगे। ब्लाक परिसर, तहसील परिसर, विद्युत वितरण खंड परिसर उदपुर और सुदनीपुर विद्युत केंद्र के सामने लगी हाईमास्ट लाइटों के भी खराब होने की बात सामने आई है। अधिकारियों के कार्यालय परिसरों में लगी लाइटों की स्थिति ही जब ठीक नहीं है तो ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित लाइटों के रखरखाव का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। हाईमास्ट लाइटें लगाने का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराना है, लेकिन समय से पहले खराब हो जाने के कारण यह उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से खराब लाइटों की जांच कराने, जिम्मेदारी तय करने और सभी लाइटों को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी फूलपुर फूलचंद सरोज ने बताया कि हाईमास्ट लाइटें कहां और कब लगाई गई हैं, इसकी उन्हें निश्चित जानकारी नहीं है। जिस ग्राम में हाईमास्ट लाइट के बल्ब खराब होने या लाइट नहीं जलने की शिकायत मिलती है, वहां संबंधित फर्म को नोटिस देकर लाइट ठीक कराई जाती है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)